रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 अगस्त। सरस्वती नगर पुलिस ने लोन दिलाने के नाम पर ड्राइवर से 5.50 लाख रुपए की ठगी करने वाले जितेश कुमार चंद्राकर उर्फ चिंटू और होरीलाल पंकज के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहीद वीर नारायण सिंह वार्ड तेलीबांधा निवासी सचिन कुमार मानिकपुरी ने बताया कि वह ड्राइवरी का काम करता है। नवंबर 2025 में उसकी पहचान जितेश कुमार चंद्राकर उर्फ चिंटू से हुई थी। जितेश ने उसे बंधन बैंक से मुद्रा लोन दिलाने की बात कही थी। इसके बाद जितेश और होरीलाल पंकज कथित बैंक की आईडी पहनकर उसके घर पहुंचे और लोन दिलाने का भरोसा दिया।
आरोपियों ने लोन की प्रक्रिया के नाम पर सचिन का आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, घर के दस्तावेजों के फोटो अपने मोबाइल में लिए और हस्ताक्षर किया हुआ कोरा चेक भी ले लिया। सचिन का मोबाइल सिम भी यह कहकर अपने पास रख लिया गया कि बैंक अधिकारियों से वही बात करेगा। बाद में उसे बंधन बैंक की जीई रोड शाखा बुलाकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए। 29 नवंबर 2025 को उसे जानकारी मिली कि उसके नाम से बंधन बैंक में 5.50 लाख रुपए का पर्सनल लोन स्वीकृत हो चुका है। जिसे जितेश ने सिबिल मजबूत करने और दोस्त की रकम खाते में आने की बात कहकर उसके खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन करवाए।
बताया गया है कि 30 नवंबर को पेटीएम के माध्यम से कई किस्तों में रकम ट्रांसफर की गई। इसके बाद 1 दिसंबर 2025 को जितेश उसे बैंक लेकर गया, जहां 3.50 लाख रुपए नकद निकलवाए गए। जिसे जितेश चंद्राकर और होरीलाल पंकज ने अपने पास रख लिए।
इस प्रकार उसके नाम से स्वीकृत लोन की रकम का इस्तेमाल उसकी जानकारी और सहमति के बिना आरोपियों ने व्यक्तिगत उपयोग के लिए किया। इसी दौरान आरोपियों ने उसके नाम से 40 हजार रुपए का मोबाइल फाइनेंस भी कराया गया।
शिकायत के आधार पर सरस्वती नगर पुलिस ने प्रथम दृष्टया धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस बताए गए लोन संबंधी दस्तावेज, खाते के लेन-देन, मोबाइल फाइनेंस और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है।