रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 अगस्त। चार साल पहले धरसींवा इलाके में 2.7 किलो गांजा तस्करी मामले में पकड़ाए आरोपी अब्दुल शकुर को एनडीपीएस एक्ट की विशेष अदालत ने दोषी ठहराते हुए सात वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट किरण थवाईत की अदालत ने कल यह फैसला सुनाया। आरोपी पर एक लाख रुपए का अर्थदंड भी लगाया गया।
धरसींवा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धनेली विधानसभा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास अब्दुल शकुर गांजा लेकर उसे बेचने की फिराक में ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम अब्दुल शकुर बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 2.7 किलो गांजा बरामद किया गया।
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(२)(बी) के तहत अपराध दर्ज कर अभियोग पत्र न्यायालय में पेश किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन ने आठ गवाहों के बयान कराए। साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी अब्दुल शकुर को दोषसिद्ध माना। अदालत ने उसे सात वर्ष के सश्रम कारावास तथा एक लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।