रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अगस्त। शेयर ट्रेडिंग और मुनाफे का झांसा देकर मोबाइल फोन फाइनेंस कराने और बाद में उन्हें बेचकर रकम हड़पने के मामले में पुलिस ने आरोपी हिमांशु शर्मा के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी ने मोबाइल दूसरे को बेच चार लोगों के साथ 3.90 लाख की धोखाधड़ी कर दी।
महादेव घाट रोड निवासी तेजस्वी पाण्डेय ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। उसने बताया कि दो वर्ष पहले टेक्नो टास्क कंपनी में काम करने के दौरान उसकी पहचान हिमांशु शर्मा से हुई थी। अगस्त 2025 में हिमांशु ने उसे शेयर ट्रेडिंग से मोटी कमाई लालच दिया। जब तेजस्वी ने ट्रेडिंग करने से मना किया तो आरोपी ने उसके बदले ट्रेडिंग करने का आशवासन दिया। जिससे उसे घर बैठे मुनाफा देगा।
इसके बाद तेजस्वी उसके झांसे में आ गया। और आरोपी के कहेनुसार उसने नया मोबाइल फोन फाइनेंस करा लिया। दूसरे दिन आरोपी ने शेयर ट्रेडिंग नहीं होने का झांसा दे नया आईफोन खरीदने की बात कहीं
जब तेजस्वी ने मोबाइल फाइनेंस कराने से मना किया तो आरोपी उसे धमकाने लगा कि वह मोबाइल की किस्त नहीं भरेगा। इससे डरकर तेजस्वी ने 29 अगस्त को 64,900 रुपए का आईफोन-15 भी फाइनेंस कराकर आरोपी को दे दिया।
आरोपी ने दोनों मोबाइल के बिल और डिब्बे अपने पास रख लिए। कुछ समय तक वह मोबाइल की किस्तें भरता रहा। इसके बाद आरोपी ने उसे कटोरा तालाब के पास बुलाया और शेयर कारोबार में नुकसान होने की बात कही। उसने मोबाइल की किस्तें आगे नहीं भर पाने की बात कही और एक और आईफोन फाइनेंस कराने के लिए दबाव बनाया।
इसके बाद तेजस्वी ने 64,501 कीमत का आईफोन-16 भी फाइनेंस कराकर आरोपी को दे दिया। इसके बाद अप्रैल 2026 में फाइनेंस कंपनी से किस्त बकाया होने का फोन आने पर तेजस्वी को मामले की जानकारी हुई। जिसके बाद आरोपी के कटोरा तालाब स्थित घर पहुंचने पर वहां ताला लगा मिला और उसके मोबाइल नंबर बंद था।
बाद में तेजस्वी को जानकारी हुई कि उसके नाम पर फाइनेंस कराए गए तीनों मोबाइल आरोपी ने अन्य लोगों को बेच दिए हैं। धोखाधड़ी का अहसास होने पर उसने थाना जाकर इसकी शिकायत दर्ज कराई।
मामले में देवेंद्र नगर पुलिस ने आरोपी हिमांशु शर्मा के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।