रायपुर
सीएम साय के निर्देश पर पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तिथियों में बदलाव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिक्षक भर्ती परीक्षा और सूबेदार/एस आई संवर्ग/पीसी मुख्य परीक्षा की तिथियां एक साथ होने से अभ्यर्थियों को हो रही परेशानी का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री श्री साय के परीक्षा तिथियों में बदलाव के निर्देश पर लोक सेवा आयोग ने सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 अब आयोजन 02, 03 एवं 04 नवम्बर को किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि अब तक मुख्य परीक्षा 24, 25 एवं 26 अक्टूबर की संभावित तिथियां निर्धारित की गई थीं। इसी दौरान 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी आयोजित होने के कारण दोनों परीक्षाओं की तिथियों में टकराव की स्थिति बन गई थी। इससे दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने किसी एक परीक्षा से वंचित होने की आशंका उत्पन्न हो गई थी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि युवाओं का हित हमारी सरकार के लिए सर्वोपरि है। प्रदेश के युवाओं को आगे बढऩे का हर अवसर मिले और केवल परीक्षा तिथियों के टकराव के कारण कोई भी पात्र अभ्यर्थी अवसर से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हांकित अभ्यर्थियों को पृथक से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी है। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग द्वारा अलग से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों से आयोग की वेबसाइट का नियमित अवलोकन करने को कहा गया है।