रायपुर

कार हटाने को लेकर विवाद, महिला समेत दो बच्चों के साथ मारपीट
11-Aug-2026 7:54 PM
कार हटाने को लेकर विवाद, महिला समेत दो बच्चों के साथ मारपीट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 अगस्त। टिकरापारा के गोकुल नगर में कार हटाने को लेकर हुए विवाद में युवक, उसकी पत्नी और दो बच्चों के साथ मारपीट हो गई। आरोपी ने अपने साथियों के साथ पीडि़त के घर के सामने पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का और डंडे से मारपीट की। घटना में चार लोग घायल हुए हैं, मारपीट के दौरान कार की हेडलाइट भी तोड़ दी गई।

हीरापुर निवासी मोहम्मद वसीम ने पुलिस को बताया कि वह रविभवन में मोबाइल की दुकान संचालित करता है। 9 अगस्त की रात 11.30 बजे वह अपने परिवार के साथ गोकुल नगर चिस्तियां नगर गली नंबर-5 में अपने छोटे भाई अब्दुल इलयाश के घर कार्यक्रम में गया था। उसने अपनी कार सडक़ किनारे खड़ी की थी।

 वह अपनी पत्नी जुऐना खान के साथ जा रहा था, तभी असलम खान वहां पहुंचा और कार हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। असलम खान ने वसीम के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद असलम खान, मिर्जा इजहार बेग और अन्य लोग वसीम के घर के सामने पहुंचे। वहां भी आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए वसीम के साथ हाथ-मुक्का और डंडे से मारपीट की।

बीच-बचाव करने पहुंची वसीम की पत्नी , बेटे साथ भी आरोपियों ने मारपीट किया। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

उधर खरोरा के मोतिमपुर कला गांव में खेत से मजदूरी कर लौट रही महिला से गाली-गलौज और मारपीट में महिला के सिर और हाथ में गंभीर चोट आई है। घायल को अस्पताल ले जाया गया।

मोतिमपुर कला निवासी पीडि़ता के बेटे मोहन ने पुलिस को बताया कि उसकी मां राजकुमारी बंजारे मजदूरी करती हैं। 10 अगस्त की सुबह  8 बजे राजकुमारी खेत में मजदूरी करने गई थीं। शाम  4.10 बजे गांव के एक व्यक्ति ने मोहन को सूचना दी कि घासीदास चौक के पास उसकी मां के साथ मिथुन मारकण्डेय और पुरन मारकण्डेय ने मारपीट की है और उनके सिर से खून निकल रहा है। सूचना मिलने पर मोहन मौके पर पहुंचा तो उसकी मां खून से लथपथ मिली।

महिला ने बताया कि खेत से काम कर वापस लौटते समय मिथुन मारकण्डेय और पुरन मारकण्डेय ने उसे देखकर नाम लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर दोनों ने दोबारा गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्का और डंडे से मारपीट की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर घटना की जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट