रायपुर
वीसी में संचालनालय ने बताए नए नियम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अगस्त। स्कूली शिक्षकों की 15 अगस्त पदोन्नति कुछ असंभव लगती है। आज हुई वीडियो कॉफ्रेंसिंग वीसी में संचालनालय से बताई गई शर्तों नियमों को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी यही मान रहे है। संचालनालय ने जिला शिक्षा अधिकारी और संयुक्त संचालकों से तैयारियों की जानकारी ली और फिर अपने नियम बताए। कई जिलों ने 1 अप्रैल 2026 की स्थिति में अंतरिम वरिष्ठता सूची जारी करने की जानकारी दी, जबकि कुछ जिलों में दावा-आपत्ति की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी गई। संचालनालय के अधिकारियों ने सभी जिलों को निर्देश दिए कि वरिष्ठता सूची जारी कर तत्काल दावा-आपत्ति आमंत्रित की जाए। इसके साथ ही विभिन्न संवर्गों में उपलब्ध रिक्त पदों की जानकारी भी मांगी गई है। उसके बाद पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। पात्र शिक्षकों से चल-अचल संपत्ति से संबंधित जानकारी लिए जाने के बाद पदोन्नति कमेटी का गठन किया जाएगा।
बैठक में प्राथमिक शाला प्रधान पाठक पद पर पदोन्नति के लिए निर्धारित पात्रता को लेकर भी जानकारी दी गई। इसके लिए शिक्षक के पास हायर सेकेंडरी, डीएल?एड और प्राथमिक स्तर की टीईटी उत्तीर्ण आवश्यक होगा।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि किसी शिक्षक ने प्राथमिक के बजाय मिडिल स्कूल स्तर की टीईटी उत्तीर्ण की है, तो वह प्राथमिक शाला प्रधान पाठक पद की पदोन्नति के लिए पात्र नहीं होगा। मिडिल स्कूल शिक्षक पद पर पदोन्नति के लिए स्नातक, बीएड या डीएलएड और मिडिल स्तर की टीईटी उत्तीर्ण होना जरूरी होगा।
मिडिल स्कूल शिक्षकों की पदोन्नति विषय आधारित होगी। संबंधित जिले में जिस विषय के पद पर पदोन्नति दी जानी है, उसमें रिक्त पद उपलब्ध होना भी जरूरी होगा। नई पात्रता शर्तों के कारण उन शिक्षकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, जो लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन निर्धारित टीईटी या अन्य योग्यता पूरी नहीं करते हैं। वहीं पात्रता पूरी करने वाले जूनियर शिक्षक भी पदोन्नति प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। इससे वरिष्ठता के साथ पात्रता को लेकर भी शिक्षकों के बीच चर्चा शुरू हो गई है।