रायपुर
रविवार सुबह तक दर्ज जिलेवार बारिश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अगस्त। छत्तीसगढ़ के 11 जिलों में शाम तक मध्यम से तीव्र अंधड़, गर्जना और बारिश की तात्कालिक चेतावनी (नाउकास्ट) जारी की है। इनमें राज्य के उत्तरी और मध्य के जांजगीर चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर,जीपीएम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया बलरामपुर में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। वहीं दक्षिणी बस्तर और मैदानी क्षेत्रों के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आंधी चलने के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज हो सकती है। प्रशासन ने आम नागरिकों को खुले स्थानों और कमजोर ढांचों से दूर रहने के निर्देश दिए हैं।
मौसम केंद्र की ओर से अगले 24 और 48 घंटे के लिए भी आरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार दोपहर तक सूरजपुर, बलरामपुर में एक दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है?। वहीं मंगलवार दोपहर तक एमसीबी, जशपुर, कोरिया, सरगुजा कोरबा जीपीएम, बिलासपुर, मुंगेली, बेमेतरा बस्तर बीजापुर में तेज वज्रपात और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ आने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, बालोद, राजनांदगांव, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद सहित बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ गरज-चमक की स्थिति बनेगी।