रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अगस्त। पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा तहसील के ग्राम चंदेरी में चरागाह की जमीन औद्योगिक क्षेत्र के लिए दिए जाने को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नकटी के बाद अब चंदेरी की करीब 59 एकड़ चरागाह भूमि उद्योग के लिए सौंपने की तैयारी है, जबकि इस मामले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आश्वासन और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की भी अनदेखी की जा रही है।
अकबर ने कहा कि 23 फरवरी 2024 को दामाखेड़ा में कबीरपंथ के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दामाखेड़ा के 10 किलोमीटर के दायरे में उद्योग नहीं लगाने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद चंदेरी में करीब 23.93 हेक्टेयर यानी 59 एकड़ चरागाह भूमि को नवीन औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना के लिए उद्योग विभाग को आधिपत्य में दिए जाने का आरोप है।
उन्होंने कहा कि यह मामला राजस्व मंत्री के गृह जिले से जुड़ा है, लेकिन सरकार गांव के आम निस्तार और चरागाह की जमीन को बचाने में असहाय नजर आ रही है।
अकबर ने कहा कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के 10 मार्च 2011 के निर्देशों के अनुसार सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित भूमि को अन्य प्रयोजन के लिए आवंटित नहीं किया जाना चाहिए। इसके बावजूद चंदेरी के खसरा नंबर 1660, 2206, 2207 और 1743 की कुल करीब 23.93 हेक्टेयर भूमि 6 फरवरी 2026 को उद्योग विभाग को आधिपत्य में दिए जाने की बात सामने आई है।
उन्होंने कहा कि नायब तहसीलदार सिमगा की 19 जनवरी 2025 की आदेश पत्रिका में ग्राम पंचायत चंदेरी की आपत्ति दर्ज थी। इसके बावजूद तहसीलदार सिमगा के माध्यम से जमीन का आधिपत्य उद्योग केंद्र बलौदाबाजार को सौंप दिया गया।
पूर्व मंत्री ने दावा किया कि ग्राम पंचायत चंदेरी की 20 दिसंबर 2025 की बैठक में सर्वसम्मति से उक्त भूमि को उद्योग को हस्तांतरित नहीं करने का प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके बाद 30 जुलाई 2026 को ग्राम सभा ने भी सर्वसम्मति से चरागाह भूमि को औद्योगिक प्रयोजन के लिए देने का विरोध किया।
अकबर का आरोप है कि इसके बावजूद भुइयां पोर्टल पर संबंधित खसरों की जमीन संचालक उद्योग के नाम दर्ज कर दी गई है। उनके मुताबिक यह भूमि आसपास की करीब 8 से 10 ग्राम पंचायतों के गोवंश और अन्य मवेशियों के लिए प्रमुख प्राकृतिक चरागाह है और गांव के निस्तार पत्रक में भी इसे चरागाह के रूप में दर्ज किया गया है।
मोहम्मद अकबर ने मुख्यमंत्री से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को दामाखेड़ा कार्यक्रम में दिए गए आश्वासन और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के संदर्भ में चंदेरी की जमीन के मामले की जांच करानी चाहिए।