रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अगस्त। अंतर्राष्ट्रीय पर्वतारोही और ‘माउंटेन मैन’ के नाम से चर्चित राहुल गुप्ता के कानूनी ट्रेडमार्क और व्यक्तिगत पहचान पर आए संकट के बाद यह मामला अब अदालत की दहलीज पर पहुँच गया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सार्वजनिक बयानों और आधिकारिक पोस्ट्स के चलते अपनी साख, व्यवसाय और प्रतिष्ठा को पहुंचे गहरे आधात को देखते हुए राहुल गुप्ता ने रायपुर अदालत का रुख किया है। इस मामले में 11 अगस्त को रायपुर कोर्ट में सुनवाई होगी इसमें डॉ. मोहन यादव को पेश होना होगा।
राहुल ने आज एक पत्रकार वार्ता में कहा कि भारत सरकार के ट्रेड मार्क्स एक्ट 1999 के तहत भाउंटेन मैन ब्रांड और व्यक्तिगत पहचान के पंजीकृत कानूनी मालिक हैं। आरोप है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनके आधिकारिक सोशल मीडिया हँडल ने जबलपुर के अंकित सेन नाम के व्यक्ति को अवैध रूप से माउंटेन मैन का आधिकारिक दर्जा देते हुए प्रचारित किया और सार्वजनिक मंच से पुरस्कृत भी किया।
राहुल के वकीलों के अनुसार, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री जैसे उच्च संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा दिए गए बयानों और अनधिकृत प्रचार से समाज, मीडिया और व्यावसायिक प्रायोजकों के बीच अत्यधिक भ्रम फैला है। ‘माउंटेन मैन’ ब्रांड के व्यावसायिक उपक्रमो और प्रायोजन पर सीधा नकारात्मक असर पड़ा है।
एक दशक से अधिक मेहनत से हासिल किए गए अंतर्राष्ट्रीय सम्मान और कानूनी पहचान पर सवाल उठने से पर्वतारोही राहुल।गुप्ता को भारी मानसिक प्रताडऩा झेलनी पड़ी है।ट्रेडमार्क एक्ट की धारा 28 एवं 29 तथा व्यक्तित्व / प्रचार अधिकारों का सीधा उल्लंघन कर राहुल गुप्ता के ब्रांड की सद्भावना का गलत फायदा उठाने का प्रयास किया गया।
उन्होंने बताया कि पूर्व में जून और अगस्त 2025 में मध्यप्रदेश राज्य के मुख्य सचिव व मुख्यमंत्री कार्यालय को लिखित शिकायतें और अनुस्मारक भेजे जाने के बावजूद विवादित पोस्ट नहीं हटाई गईं। इसके पश्चात प्रेषित वैधानिक लीगल नोटिस (सीपीसी की धारा 80) की समयावधि समाप्त होने पर राहुल गुप्ता ने न्याय की गुहार लगाते हुए अदालत की शरण ली है। अब 11 अगस्त को रायपुर अदालत में होने वाली सुनवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं, जहाँ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को इस कानूनी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।