रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 अगस्त। गंज पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध बिक्री करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से नाइट्रोजेपम की 200 टैबलेट, और 70 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किया है। इसकी कीमत 91,600 रुपए बताई गई है। 7 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक्सप्रेस-वे रोड स्थित श्री हरि श्याम जनरल स्टोर्स के पास दो युवक नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए हुलिए और स्थान को चिहांकित कर चन्द्रशेखर परमार 27 निवासी घोड़ारी, महासमुंद और अभिषेक कोसले 19 निवासी घोड़ारी,महासमुंद को पकड़ा। तलाशी के दौरान चन्द्रशेखर के पास से नाइट्रोजेपम के 10 रैपर में कुल 100 टैबलेट। इसके अलावा उसके कब्जे से 70 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
वहीं दूसरे आरोपी अभिषेक कोसले के पास से भी 100 टैबलेट बरामद किया गया। मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने नशीली टैबलेट ओडिशा से खरीदकर रायपुर लाने और ग्राहक मिलने पर बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 22(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
हाल के दिनों में पुलिस ने शहर में ऐसे कई युवकों को गिरफ्तार किया है जो ओडिशा से ही टैबलेट लाते थे। इनमें एक बस ड्रायवर भी शामिल है।