रायपुर

कोटा में पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या, 2 गिरफ्तार
08-Aug-2026 6:40 PM
कोटा में पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या, 2 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 अगस्त। सतनामी पारा कोटा में जान लेवा हमले के बाद इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दो हमलावरों को  गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दो युवकों ने मिलकर उसे जान से मारने की नीयत से बेरहमी से पीटा और उसके सिर पर पत्थर से हमला किया। मामले में पुलिस ने तुषार महीधर उर्फ बाउ और सुरेन्द्र मधुकर उर्फ पोका, दोनों निवासी सतनामी पारा कोटा के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।  जानकारी के मुताबिक, 8 अगस्तज्ञ की बीती रात करीब 12.20 बजे सतनामी पारा कोटा में बलदाउ के घर के पीछे मारपीट की घटना हुई। घटना में महेश धृतलहरे गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए एम्स रायपुर ले जाया गया। घटना की सूचना  पर सरस्वती नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के परिजनों से जानकारी ली। महेश के भाई राजेन्द्र धृतलहरे ने पुलिस को बताया कि वह सतनामी पारा कोटा में अपने परिवार के साथ रहता है और सेल्समैन का काम करता है। परिवार में छह भाई हैं और महेश तीसरे नंबर का भाई था। घटना की रात राजेन्द्र अपने घर पर परिवार के साथ सो रहा था। इसी दौरान करीब 12.30 बजे मोहल्ले का बल्लू रात्रे उसके घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया।  दरवाजा खोलने पर बल्लू रात्रे ने राजेन्द्र से कहा कि महेश को बचा लो। इसके बाद राजेन्द्र अपने भाई दिनेश के साथ तत्काल मौके पर पहुंचा। वहां उन्होंने महेश धृतलहरे को घायल अवस्था में पड़ा हुआ देखा। परिजनों ने महेश से पूछताछ की तो उसने बताया कि तुषार महीधर उर्फ बाउ और सुरेन्द्र मधुकर उर्फ पोका ने मिलकर उसके साथ मारपीट की है। परिजनों के अनुसार, महेश के दाहिने सिर पर गंभीर चोट थी। इसके अलावा उसके सीने और गर्दन के पास भी चोट के निशान बताए गए हैं। हालत गंभीर होने के कारण महेश ज्यादा बातचीत नहीं कर सका और कुछ देर बाद बेहोश हो गया। परिजन उसे तत्काल एम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।  पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद सरस्वती नगर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर राजेन्द्र धृतलहरे की रिपोर्ट दर्ज कराई।


अन्य पोस्ट