रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 अगस्त। देश भर में हर घर तिरंगा अभियान 9 से 17 अगस्त तक मनाया जा रहा है। इस वर्ष यह वंदे मातरम् के 150वें वर्ष के स्मरणोत्सव को समर्पित है। संस्कृति विभाग द्वारा केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत 7 से 17 अगस्त तक प्रदेशभर में हर घर तिरंगा अभियान, वंदे मातरम गायन और विभिन्न सांस्कृतिक व देशभक्ति कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाएगा।
संस्कृति विभाग के अनुसार, राय के सभी जिलों में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा, जबकि 7 से 15 अगस्त तक वंदे मातरम् गायन और संबंधित सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित होंगी। 15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर सामूहिक राष्ट्रगान और वंदे मातरम् गायन होगा। अभियान के दौरान सभी जिला मुख्यालयों, विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा यात्राएं, बाइक व कार रैलियां, मशाल रैलियां तथा तिरंगा मैराथन आयोजित की जाएंगी।
14 अगस्त को भारत विभाजन की विभीषिका और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों को याद करते हुए विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इस अवसर पर राय पुलिस बैंड द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर देशभक्ति गीतों की संगीतमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
किसान मोर्चा 12 को निकालेगा ट्रैक्टर, बैलगाड़ी और गेड़ी तिरंगा यात्रा
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा 12 अगस्त को सभी जिलों में ट्रैक्टर, बैलगाड़ी के साथ एवं पारम्परिक गेड़ी पर भी तिरंगा यात्रा निकालेगा। इसे लेकर प्रदेश कार्यालय में किसान मोर्चा की प्रदेशस्तरीय बैठक शुक्रवार को हुई। बैठक में 30-31 अगस्त को प्रस्तावित किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति पर भी चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने सभी जिला एवं संभाग प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे जिलों, मंडलों एवं शक्ति केंद्रों का नियमित प्रवास करें। हर महीने कम से कम 5 से 6 बार प्रवास करने से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ता है और संगठन को मैदानी स्तर पर मजबूती मिलती है।मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोकसिंह ठाकुर ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि तिरंगा यात्रा के बाद 30 एवं 31 अगस्त को प्रदेश कार्यसमिति में लगभग 350 पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे।