रायपुर

तीन साल पहले हत्या करने वाले 4 को आजीवन कैद
07-Aug-2026 6:18 PM
तीन साल पहले हत्या करने वाले 4 को आजीवन कैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 अगस्त। खमतराई इलाके में तीन वर्ष पहले  हत्या करने वाले 4 आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है।

पुलिस के अनुसार 03 दिसंबर 23 को रिंग रोड नंबर-02, गोंदवारा गेट स्थित साहू होटल के पास मामूली विवाद के दौरान  सोनू साहू, प्रवीण गिरी उर्फ राज, अर्जुन नंदा, सिद्धार्थ उर्फ सि़द्धू गिरी गोस्वामी ने अजय कुमार कुर्रे पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया था। उपचार के दौरान घायल अजय कुमार कुर्रे की मृत्यु हो गई थी।  खमतराई पुलिस में धारा 294, 302, 34 भादवि, 25(1)(क), 27 आर्म्स एक्ट एवं धारा 3(2)(अ) एसटी/एससी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच कर रही थी।

 इनचारों आरोपियों को गिरफ्तार कर  न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया। प्रकरण में  बलराम प्रसाद वर्मा सत्र/विशेष न्यायाधीश रायपुर,  को सभी चारों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

नाम दोषीगण - सोनू साहू 25 ज्योति किराना स्टोर्स के पास गोंदवारा, प्रवीण गिरी उर्फ राज  22 अवध पारा सोनडोंगरी कबीर नगर, अर्जुन नंदा  18 बाजार चैक सरोरा  उरला, सिद्धार्थ उर्फ सि़द्धू गिरी गोस्वामी 24  अवध पारा सोनडोंगरी थाना कबीर नगर।

 

पिता के हत्यारे को आजीवन कारावास

रायपुर, 7 अगस्त। तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश ने पिता की हत्या के मामले में आरोपी चंद्रकांत बेहुरा 41, को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास और 2,000 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। यह फैसला न्यायाधीश शैलेश शर्मा की अदालत में सुनाया गया।

घटना दो साल पहले कबीर नगर की है। 30 जुलाई 2024 की शाम  6:30 बजे  वीर सावरकर नगर, हीरापुर स्थित किराए के मकान में आरोपी चंद्रकांत बेहुरा ने अपने पिता विद्याधर बेहुरा के साथ मारपीट की। उसने पहले थप्पड़ मारा, फिर दीवार में पटक दिया और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।

घटना के दूसरे दिन पुलिस  ने आरोपित के खिलाफ अपराध दर्ज किया । पुलिस ने जांच के बाद 25 अक्टूबर 2024 को न्यायालय में आरोप पत्र प्रस्तुत किया। मामले में 4 मार्च 2025 को आरोप तय होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर सुनवाई प्रारंभ हुई।

सुनवाई के दौरान न्यायालय के समक्ष यह तथ्य आया कि आरोपी का पूर्व में मानसिक बीमारी का उपचार चल रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और  साक्ष्यों में मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। जिसमें मृतक के सिर, चेहरे, कान, होंठ और गर्दन पर कई चोटें थीं तथा गला दबाने के निशान भी मिले। अदालत ने साक्ष्यों के आधार पर धारा 103 के तहत आरोपी को हत्या का दोषी ठहराते हुए  चंद्रकांत बेहुरा को आजीवन कारावास के साथ 2,000 रुपये अर्थदंड से दंडित किया। अर्थदंड अदा नहीं करने पर उसे अतिरिक्त कारावास भी भुगतना होगा।


अन्य पोस्ट