रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 अगस्त। अंतर्राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर आज श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड, में कुरुद तहसील के जुड़वां ग्रामीण क्षेत्र नारी कोकड़ी से लगभग 70 महिलाएँ पहुंची। यह ग्रामीण क्षेत्र अत्यंत कमजोर वर्ग का है, जहाँ के निवासी मुख्य रूप से भूमिहीन हैं, दूसरों के खेतों में कार्य करते हैं और जहाँ शिक्षा, रोजगार व स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव रहा है।
लगभग 5 वर्ष आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के आशीर्वाद, मुनि श्री आगम सागर ससंघ के सानिध्य और सकल जैन समाज रायपुर के धर्मनिष्ठ अध्यक्ष विनोद बडज़ात्या के विशेष प्रयासों से यहाँ हाथ करघा चल चरखा हस्त शिल्प महिला रोजगार एवं प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की गई थी।
केंद्र में मास्टर ट्रेनर ब्रह्मचारिणी प्रियंका दीदी, मिनी दीदी और रुचि दीदी द्वारा महिलाओं को हथकरघा एवं चल चरखा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस केंद्र की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ कार्य प्रारंभ करने से पूर्व शाकाहार अपनाना अत्यंत आवश्यक है।
वर्षायोग समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जैन एवं कार्यकारी अध्यक्ष संजय जैन ने बताया कि वर्तमान में नारी कोकड़ी एवं आसपास के गाँवों की लगभग 60-70 महिलाएँ (जिनकी आयु 18 वर्ष से 68 वर्ष के बीच है) इस केंद्र में कार्यरत हैं। यहाँ मात्र 1 माह का प्रशिक्षण पूरा होते ही महिलाओं का रोजगार शुरू हो जाता है। इस केंद्र में चंदेरी बूटी की साडिय़ां, डूबी, हस्तशिल्प, मधुबनी और हैंडमेड पेंटिंग वाली साडिय़ां व अन्य वस्त्र तैयार किए जाते हैं। यहां निर्मित वस्त्र सीधे जबलपुर मुख्यालय भेजे जाते हैं, जहाँ से पूरे भारतवर्ष में इनकी बिक्री की जाती है। इन वस्त्रों का निर्माण कर रही ग्रामीण महिलाएँ आज प्रतिमाह 10 हजार से 20 हजार रुपए तक की कमाई कर रही हैं, जिससे वे आर्थिक रूप से स्वावलंबी बन रही हैं।
नारी कोकड़ी के विकास के लिए भविष्य में भव्य दिगंबर जैन मंदिर के निर्माण के साथ-साथ बच्चों व युवाओं की शिक्षा हेतु प्रतिभा स्थलीं के निर्माण की भी योजना है।
महिलाओं ने श्री छत्तीसगढ़ी भाषा में सुंदर मंगलाचरण प्रस्तुत किया। तत्पश्चात सभी ने आचार्य श्री का भक्तिमय पूजन कर अर्घ्य समर्पित किए।