रायपुर
एक ही जमीन दो लोगों को बेचा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 अगस्त। जमीन बिक्री के नाम पर 22.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले जमीन कारोबारी के खिलाफ उरला पुलिस ने मामला दर्ज किया है। फानेंद्र देवांगन की शिकायत पर पुलिस ने 318-4 का अपराध दर्ज किया है।
उरला पुलिस की जांच में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी के आरोप सही पाए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी समी अहमद निवासी गाजी नगर, बीरगांव ने ग्राम किरना, तहसील तिल्दा स्थित कृषि भूमि को अपना बताकर उसका विक्रय करने का फ़ानेंद्र के साथ इकरारनामा किया था। फनेन्द्र देवांगन, निवासी आदर्श नगर, बीरगांव ने बताया कि आरोपी ने खसरा नंबर 275/21 की 5000 वर्गफीट भूमि 450 रुपये प्रति वर्गफीट की दर से बेचने का सौदा किया। इसके एवज में आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में 20 लाख रुपये नकद और चेक के माध्यम से 2.50 लाख रुपये लिए । इस प्रकार आरोपी ने 22.50 लाख रुपये हासिल कर लिए। पूरी राशि मिलने के बाद आरोपी जमीन की रजिस्ट्री करने के लिए टालमटोल करता रहा।
बाद में आरोपी अपना मोबाइल बंद कर पत्नी और बच्चों को छोडक़र फरार हो गया। जब फ़ानेंद्र ने संबंधित जमीन पर कब्जा लेने का प्रयास किया तो पता चला कि भूमि पहले ही किसी विमल सिंह, भनपुरी निवासी को बेची जा चुकी थी।
जांच में पुलिस ने आरोपी समी अहमद के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।