रायपुर

एम्स का तृतीय दीक्षांत समारोह 2 को मुख्य अतिथि होंगे उपराष्ट्रपति
07-Aug-2026 6:11 PM
एम्स का तृतीय दीक्षांत समारोह 2 को मुख्य अतिथि होंगे उपराष्ट्रपति

केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल विशिष्ट अतिथि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 अगस्त। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर के तृतीय दीक्षांत समारोह में  उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि होंगे। दीक्षांत समारोह 2 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। एम्स रायपुर के ईडी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) अशोक जिंदल ने  नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।

इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल जिंदल ने उपराष्ट्रपति को एम्स रायपुर द्वारा पिछले वर्षों में रोगी सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, डिजिटल स्वास्थ्य और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में हासिल की गई महत्वपूर्ण उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने संस्थान में रोबोटिक सर्जरी, किडनी प्रत्यारोपण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित स्वास्थ्य अनुसंधान, जैव-चिकित्सकीय नवाचार तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों में हुई प्रगति से भी अवगत कराया।

उपराष्ट्रपति ने छत्तीसगढ़ और मध्य भारत में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में एम्स रायपुर की भूमिका की सराहना की।

तृतीय दीक्षांत समारोह एम्स रायपुर की शैक्षणिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा। समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर, सुपर स्पेशियलिटी, डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएच.डी.) तथा संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान के विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित अतिथियों की  उपस्थिति में उपाधियां प्रदान की जाएंगी।  केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण  राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल विशिष्ट अतिथि होंगी।


अन्य पोस्ट