रायपुर

साझेदारी का झांसा देकर बहन से सवा करोड़ की धोखाधड़ी
06-Aug-2026 8:15 PM
साझेदारी का झांसा देकर बहन से सवा करोड़ की धोखाधड़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 अगस्त। तेलीबांधा इलाके में नागपुर की रहने वाले दंपत्ति के साथ उसके ही सगे भाई ने फ्रॉड कर दिया। फार्म में पार्टनरशिप और डबल प्रॉफिट का झांसा देकर  1.25 करोड़ रुपये की  धोखाधड़ी कर दी।  पुलिस ने 318(4), 336(3), 338 और 340(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिवांगी गर्ग 43 , ने बताया कि वह लॉ कॉलेज स्क्वेयर, अमरावती रोड, महाराष्ट्र में रहती है। उन्होंने बताया कि उन्होंने वह मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग का कार्य करती हैं। 2020 में उनके भाई शुभम सिंघल और भाभी जया सिंघल, जो रायपुर स्थित अधिराज सीमेंट एवं बाद में अधिराज ट्रेडलिंक नामक साझेदारी फर्म का संचालन करते हैं, ने कारोबार में निवेश के नाम पर उनसे वर्षों तक बड़ी रकम ली।  शुभम सिंघल और जया सिंघल नागपुर स्थित उनके निवास पहुंचे और व्यवसाय के विस्तार के लिए पूंजी निवेश की आवश्यकता बताते हुए अच्छे लाभांश का आश्वासन दिया। पारिवारिक विश्वास के चलते शिकायतकर्ता और उनके पति ने नगद राशि एवं बैंक के माध्यम से समय-समय पर निवेश किया। आरोपियों ने भरोसा बनाए रखने के लिए लाभांश की राशि भी उनके खाते में भेजी।

बाद में  निवेश की राशि वापस मांगने पर आरोपियों ने उन्हें दोनों साझेदारी फर्मों में भागीदार बनाने का प्रस्ताव दिया।  4 अप्रैल 2025 को उन्हें दोनों फर्मों में भागीदार बनाया गया, जबकि उसी दिन शुभम सिंघल ने स्वयं भागीदारी से इस्तीफा दे दिया। आरोप है कि बाद में यह कहकर उन्हें भरोसे में रखा गया कि निवेश की राशि का मूल्यांकन कर उसे फर्म की पूंजी के रूप में दर्ज किया जाएगा। लेकिन कुछ समय बाद लाभांश देना बंद कर दिया गया और जनवरी 2026 में रायपुर में हुई पारिवारिक बैठक में शुभम सिंघल ने 1.25 करोड़ रुपये लौटाने का आश्वासन दिया था।इसके बाद शिवांगी ने रजिस्ट्रार ऑफ फर्म्स से सूचना के अधिकार के तहत दस्तावेज प्राप्त किए, जिनसे उन्हें पता चला कि 6 मार्च 2026 और 6 अप्रैल 2026 की पार्टनरशिप डीड में उनके फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें दोनों फर्मों से सेवानिवृत्त दर्शा दिया गया।

कूटरचित दस्तावेजों का उपयोग रजिस्ट्रार ऑफ फर्म्स के समक्ष असली दस्तावेज के रूप में किया गया। पीडि़ता ने बताया कि इन दोनों तिथियों पर वह रायपुर में मौजूद ही नहीं थीं।


अन्य पोस्ट