रायपुर

चरित्र संदेह पर प्रेमिका की हत्या, गिरफ्तार
06-Aug-2026 8:12 PM
चरित्र संदेह पर प्रेमिका की हत्या, गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 अगस्त। मंगलवार को डब्लू आर एस कॉलोनी स्थित तालाब में मिली युवती की लाश का खुलासा करते हुए पुलिस ने उसकी हत्या के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। युवक ने युवती के चरित्र पर संदेह के चलते की हत्या करना स्वीकार किया है। दोनों के बीच 4 वर्ष से प्रेम संबंध था । युवक ने पहले दुपट्टे से गला घोंटा और फिर  पानी भरे खेत में सिर डुबोकर जान ले ली।

बुधवार सुबह  डब्ल्यूआरएस स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत में एक अज्ञात युवती का लाश मिली थी। खमतराई पुलिस,  एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और  एफएसएल की संयुक्त टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।

जांच के दौरान अज्ञात युवती की पहचान नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन,  19  निवासी सिया रेसीडेंसी, एमएमआई अस्पताल के पीछे, रायपुर के रूप में हुई। पहचान उपरांत शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

 इस दौरान मृतिका के परिजनों एवं परिचितों से विस्तृत पूछताछ की गई। इसी दौरान मृतिका के माता-पिता ने उसके प्रेमी करण तांडी,  23  त्रिमूर्ति नगर, देवेंद्र नगर, चंडी मंदिर के पास, रायपुर पर संदेह व्यक्त किया गया। करण तांडी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले  गुमराह करने के उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि लगभग चार वर्ष पूर्व इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी मृतिका से पहचान हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों  पूर्व दोनों लगभग छह माह तक साथ भी रहे थे। बाद में मृतिका उसे छोडक़र अलग रहने लगी, जिससे आरोपी उसके चरित्र पर संदेह करने लगा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसके चलते ही मृतिका पिछले पांच से छह दिनों से अपने घर से बाहर थी।  3 अगस्त को मृतिका उससे मिलने की उम्मीद में डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर क्षेत्र पहुंची थी।

शाम लगभग 06 बजे करण  वहां पहुंचा और उसे अपने साथ घटनास्थल की ओर ले गया। वहां दोनों के बीच बातचीत के दौरान  उसने मृतिका से अन्य युवकों के साथ संबंध होने की बात पूछी। मृतिका ने इनकार किए जाने पर आरोपी अत्यधिक आक्रोशित हो गया और आवेश में आकर उसके दुपट्टे को उसके मुंह में ठूंस दिया। इसके बाद उसी दुपट्टे से उसका गला कसकर दबाया तथा हत्या सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पानी से भरे खेत में उसका सिर डुबो दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद  फरार हो गया था।


अन्य पोस्ट