रायपुर

अपराधियों को संरक्षण देने वाली कांग्रेस का कानून व्यवस्था पर ज्ञान हास्यास्पद-भाजपा
06-Aug-2026 8:10 PM
अपराधियों को संरक्षण देने वाली कांग्रेस का कानून व्यवस्था पर ज्ञान हास्यास्पद-भाजपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 अगस्त। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा राज्य की कानून-व्यवस्था पर दिए गए बयान पर तीखा पलटवार करते हुए प्रदेश भाजपा प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने  इसे बेहद हास्यास्पद, अवसरवादी और राजनीतिक ढोंग करार दिया है। उन्होंने कहा कि

जिस कांग्रेस पार्टी ने अपने पिछले पांच वर्षों के भूपेश बघेल शासनकाल में छत्तीसगढ़ को अपराध, माफियाराज और भ्रष्टाचार की मण्डी बना दिया था, उसके नेताओं का आज कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाना सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली जैसी कहावत को चरितार्थ करता है।  डॉ. मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के पूर्ववर्ती शासनकाल में अपराधियों को खुलकर सत्तावादी संरक्षण प्राप्त था। राजनीति का अपराधीकरण और अपराधियों का कांग्रेसीकरण—यही कांग्रेस का वास्तविक राजनीतिक चरित्र रहा है।

बैज के आरोपों का करारा जवाब देते हुए डॉ. मिश्रा ने कहा कि आज जो कांग्रेस नेता नशे के कारोबार और अपराधों की दुहाई दे रहे हैं, वे शायद भूल गए हैं कि राज्य में नशे के नेटवर्क का तंत्र और अवैध कारोबार का ढाँचा उन्हीं की भूपेश सरकार के दौरान फैला और पनपा। कांग्रेस शासन में थानों का राजनीतिकरण कर दिया गया था और पुलिस प्रशासन का उपयोग केवल विरोधियों को दबाने तथा सत्ताधारियों के अवैध धंधों को संरक्षण देने में किया जाता था।


अन्य पोस्ट