रायपुर
मंत्री के निर्देश पर होगी जांच
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 अगस्त। तिल्दा तहसील के ग्राम पंचायत तुलसी (जो यूट्यूबर गांव भी कहलाता है) में अवैध दुकान निर्माण की शिकायत पर मंत्री गुरु खुशवंत ने रायपुर कलेक्टर को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। शिकायतकर्ता श्रीमती सोमती जांगड़े ने मंत्री को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया कि तुलसी एवं तिल्दा के मुख्य मार्ग पर साईं मंदिर के समीप स्थित खसरा नंबर 469/1 की लगभग आधा एकड़ भूमि पर वर्ष 2024 में कथित रूप से नियमों को दरकिनार कर 31 दुकानों का अवैध निर्माण किया गया। शिकायत के अनुसार इन दुकानों को लाखों रुपये में बेच दिया गया, जिससे शासन को राजस्व की हानि हुई।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में शिकायत मिलने पर तत्कालीन एसडीएम द्वारा निर्माणाधीन दुकानों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें हटाया गया था। इसके बावजूद उसी भूमि पर दोबारा कथित रूप से प्रस्ताव पारित कर फिर से 31 दुकानों का निर्माण कर उनका विक्रय किए जाने का आरोप लगाया गया है। आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि प्रत्येक दुकान की वास्तविक बिक्री लाखों रुपये में होने के बावजूद पंचायत अभिलेखों में कम राशि दर्शाकर रसीद काटी गई तथा शेष राशि के संबंध में गंभीर वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई गई है। साथ ही यह भी आरोप है कि दुकान आवंटन में टेंडर प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।
मामले को गंभीर मानते हुए मंत्री गुरु खुशवंत ने 3 अगस्त को रायपुर कलेक्टर को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।