रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 अगस्त। शंकराचार्य आश्रम, बोरियाकला में चल रहे चातुर्मास प्रवचनमाला के डॉ. स्वामी इन्दुभवानन्द ने कहा कि बंधन आगन्तुक है, जबकि मोक्ष स्वत: सिद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के आठ गुणों से बंधा जीव बद्धजीव कहलाता है, जबकि इन गुणों पर विजय प्राप्त करने वाला मुक्तजीव होता है।
उन्होंने बताया कि प्रकृति, बुद्धि, अहंकार तथा पंच तन्मात्राएं रूप, रस, गंध, शब्द और स्पर्श—मिलकर प्रकृति अष्टक का निर्माण फकरती हैं। इन्हीं आठ तत्वों के समूह से जीव को देह प्राप्त होती है। देह से कर्म उत्पन्न होते हैं और कर्मों के कारण पुन: नई देह मिलती है। इस प्रकार जन्म-मरण और कर्मों का चक्र ही जीव के बंधन का कारण बनता है। स्वामी इन्दुभवानन्द तीर्थ ने कहा कि वास्तव में आत्मा कभी बंधन में नहीं होती। आत्मा शुद्ध, बुद्ध और मुक्त स्वरूप है। बंधन केवल अध्यास है, जो आत्मा के वास्तविक स्वरूप के अज्ञान से उत्पन्न होता है। आत्मा की अपरोक्ष अनुभूति होने पर यह बंधन समाप्त हो जाता है।
प्रवचन से पूर्व श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आरती की। जगतगुरु कुलम् के छात्रों ने वैदिक मंगलाचरण प्रस्तुत किया।