रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 अगस्त। रायपुर से लगे खरोरा में अज्ञात चोरों ने एक पशुपालक के घर से 25 बकरियां और बकरे चोरी कर लिए। चोरी गए पशुधन की मूल्य करीब 90 हजार रुपए आंका गया है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम छडिय़ा निवासी पशुपालक करन ने बताया कि उसके पास 55 बकरियां हैं। 3 अगस्त को वह रोज की तरह सभी बकरियों को चराकर शाम 4.30 बजे घर के कोठे में बांध दिया था। रात 1 बजे तक सभी बकरियां सुरक्षित थीं।
तडक़े करीब 3.30 बजे परिवार के सदस्य के उठने पर पता चला कि घर का मेन गेट बाहर से किसी ने बंद कर दिया है। तग करन ने दूसरे रास्ते से बाहर निकलकर गेट खोला। इसके बाद जब उसने कोठे में जाकर देखा तो तीन बकरे और 22 छोटी-बड़ी बकरियां गायब थीं। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद उनका कोई पता नहीं चला।
पीएचई कर्मी के घर से 50 हजार पार: टिकरापारा में अज्ञात चोर ने सूने कमरे की अलमारी से 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। सुदामा नगर निवासी निर्मला धनगर, जो पीएचई विभाग में चपरासी (प्यून) के पद पर कार्यरत हैं, 3 अगस्त सुबह ड्यूटी पर गई थीं। जो शाम 6 बजे घर लौटी तो देखा कि कमरे में रखी अलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर अलमारी में रखे 50 हजार रुपए नकद गायब थेे।
वहीं अलमारी के पास एक पेचकस भी पड़ा हुआ था। शुरूआती जांच में सामने आया है कि अज्ञात चोर ने 10.30 बजे से शाम 6 बजे के बीच कमरे में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखी नकदी चोरी कर फरार हो गया।