रायपुर

नकटी के 85 बेघरों के लिए पांच मांगों को लेकर न्याय यात्रा, लालपुर में रोकी गई
05-Aug-2026 8:05 PM
नकटी के 85 बेघरों के लिए पांच मांगों को लेकर न्याय यात्रा, लालपुर में रोकी गई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 अगस्त। नकटी गांव में 85 घरों को तोडऩे के मामले में सर्व समाज ने बुधवार को देवपुरी स्थित गांधी चौक में मजदूर परिवार को न्याय दिलाने आमसभा और कलेक्टोरेट चौक से राजभवन तक न्याय पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस पदयात्रा से पहले सर्व समाज के पदाधिकारियों ने नकटी गांव के बेघरों को न्याय दिलाने अनशन पर बैठी पार्वती साहू को जूस पिलाकर अनशन स्थगित कराया। इसके बाद सभी ग्रामीण लोक भवन के लिए रवाना हुए, लेकिन पुलिस ने सभी को लालपुर के पास रोक लिया। इनमें से कुछ प्रतिनिधियों को लोकभवन लाकर अधिकारियों से चर्चा कराई गई। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत माता कर्मा की आरती के साथ हुई। इसके बाद नकटी गांव के 85 गरीब मजदूर परिवारों के घर तोड़े जाने के मामले में न्याय दिलाने, पीडि़तों के सम्मानजनक पुनर्वास और पांच सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग उठाई। आयोजकों ने कहा कि प्रभावित परिवार लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने शासन-प्रशासन से पीडि़त परिवारों को शीघ्र राहत और पुनर्वास उपलब्ध कराने की मांग की।

इस दौरान बताया गया कि नकटी गांव के पीडि़त परिवारों के समर्थन में सुश्री पार्वती साहू पिछले 23 दिनों से भूख हड़ताल पर थीं। बुधवार को पदयात्रा और आमसभा के दौरान उन्हें जूस पिलाकर भूख हड़ताल स्थगित कराई गई। पदयात्रा के माध्यम से प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 15 दिनों में मांगे पूरी न हुई, तो फिर से प्रदर्शन किया जाएगा।


अन्य पोस्ट