रायपुर

1460 गौधाम बनाने की तैयारी, 88 का पंजीयन पूरा 42 गौधामों में 5109 पशु संरक्षित
05-Aug-2026 8:02 PM
1460 गौधाम बनाने की तैयारी, 88 का पंजीयन पूरा 42 गौधामों में 5109 पशु संरक्षित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 अगस्त। राज्य सरकार ने बेसहारा और घुमंतू मवेशियों के संरक्षण के लिए गौधाम योजना के तहत पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से 1460 गौधाम स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी है। फिलहाल 88 गौधामों का पंजीयन पूरा हो चुका है और 42 गौधामों में करीब 5109 पशुधन संरक्षित किए जा चुके हैं।

पशुधन विकास विभाग के अनुसार पहले चरण में राष्ट्रीय राजमार्गों के समीप स्थित और आवश्यक अधोसंरचना वाले गौठानों का चयन किया गया है। प्राप्त 408 आवेदनों में से 151 को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है, जिनमें पंजीयन और पशुओं के व्यवस्थापन की प्रक्रिया जारी है।

योजना के तहत पूर्ण अधोसंरचना वाले गौठानों का संचालन स्वयंसेवी संस्थाओं, पंजीकृत गौशालाओं, ट्रस्ट, एफपीओ अथवा ग्राम पंचायतों के माध्यम से किया जाएगा। नियमों में संशोधन कर ग्राम पंचायतों को प्राथमिकता दी गई है तथा शहरी गौठानों को भी योजना में शामिल किया गया है।

गौ सेवा आयोग की परिकल्पना के अनुसार प्रत्येक विकासखंड में 10 उत्कृष्ट गौठानों का चयन कर पूरे प्रदेश में 1460 गौधाम स्थापित किए जाएंगे। जिला प्रशासन से प्राप्त आवेदनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट