रायपुर

जोमैटो डिलीवरी बॉय से चाकू की नोक पर लूट
04-Aug-2026 6:38 PM
जोमैटो डिलीवरी बॉय से चाकू की नोक पर लूट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 अगस्त। सिविल लाइन इलाके में देर रात डिलीवरी देने पहुंचे एक जोमैटो पार्टनर से दो युवकों ने चाकू की नोक पर मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने  शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महासमुंद के ग्राम झलप निवासी युवक वर्तमान में गुढिय़ारी के कृष्णा नगर में किराये के मकान में रहकर पार्ट-टाइम जोमैटो में डिलीवरी का काम करता है।

उसने बताया कि 2 अगस्त की रात 1.30 बजे वह समता कॉलोनी से कटोरा तालाब स्थित संत कंवरराम चौक के आगे एक्स-9 कपड़ा दुकान के सामने दो रेड बुल और खाने का ऑर्डर देने पहुंचा था। लोकेशन पर पहुंचने पर एक्टिवा सवार दो अज्ञात युवक मिले और ऑर्डर मांगने लगे। ऑर्डर देने के बाद जब उसने पेमेंट की मांग करने पर दोनों युवकों ने गाली गलौज कर अपने पास रखे चाकू की दिखा कर धमकाने लगे। दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर उसके हाथ में रखे मोबाइल को लूट लिया। जिसके बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।

 

फैक्ट्री से 1.98 लाख की तांबा पट्टी चोरी

रायपुर, 4 अगस्त। खमतराई स्थित एक फैक्  ट्री में चोरों ने धावा बोल दिया। वहां से करीब 1.98 लाख रुपए  के 160 किलो तांबा पट्टी चोरी कर ली। आरएमएस कॉलोनी, टैगोर नगर निवासी संतोष की भनपुरी के नौ ब्लॉक में श्रेया इंडस्ट्रीज के नाम से मोटर रिवाइंडिंग की फैक्ट्री है, जहां कॉपर वायर और तांबा पट्टी का उपयोग होता है। 31 जुलाई की रात 3 बजे चार अज्ञात चोर फैक्ट्री के मेन गेट को फांदकर अंदर घुसे। आरोपियों ने कार्यालय का शटर और दरवाजा तोडक़र फैक्ट्री में गए और वहां रखे आठ बंडल तांबा पट्टी, जिनका वजन 160 किलो और कीमत 1.98 लाख रुपए है को चुरा ले गए। खमतराई पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट