रायपुर

स्कूल बस की चपेट में आने से मासूम की मौत, थाने में हंगामा
04-Aug-2026 6:37 PM
स्कूल बस की चपेट में आने से मासूम की मौत, थाने में हंगामा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 अगस्त। विधानसभा रोड पर अब से कुछ देर पहले एक बड़ा हादसा हुआ। इसमें  भवन्स स्कूल की बस की चपेट में आने से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। तेज रफ्तार बस ने 3 वर्ष के बच्चे की जान चली गई। बच्चा रोड के उस पार केला खरीदने गया था और केला लेकर सडक़ पार कर रहा था। बस की अटेंडर ने बताया कि बच्चे के साथ कोई बड़ा व्यक्ति नहीं था। बच्चा भाग रहा था। ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगा कर रोकने का भरसक प्रयास किया था।

पुलिस ने बस ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में लेकर बस को जब्त किया है। परिजन विधानसभा थाने में हंगामा कर रहे हैं। वे ड्राइवर कंडक्टर को उनके हवाले करने की बात कह रहे हैं।

पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब आठ बजे विधानसभा क्षेत्र स्थित अंडरब्रिज की सर्विस रोड पर हुआ। इस समय भवंस स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सर्विस रोड पर रहने वाले राजा देवार का तीन वर्षीय बेटा मुन्ना अचानक बस की चपेट में आ गया। वह केला खरीदने रोड के उस पार ठेला दुकान गया था। टक्कर इतनी गंभीर थी कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल बस को अपने कब्जे में लिया और चालक धलेंद्र साहू , कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया। चालक और बस के कंडक्टर से हादसे के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मृत बच्चे का परिवार विधानसभा क्षेत्र के अंडरब्रिज के पास रहने वाला मजदूर परिवार  है।  रोते-बिलखते परिजन अस्पताल और फिर थाने पहुंचे। कुछ ही देर में बस्ती के लोग भी बड़ी संख्या में विधानसभा थाना पहुंच गए और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। वे ड्राइवर को उनके हवाले करने की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाइश देते हुए भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और यदि जांच में चालक की लापरवाही सामने आती है तो कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। परिजनों का कहना था कि लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर कठोर कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं।


अन्य पोस्ट