रायपुर

2 प्रतिशत डीआर के आदेश में विलंब, कल कलेक्टरों को ज्ञापन
04-Aug-2026 6:31 PM
2 प्रतिशत डीआर के आदेश में विलंब, कल कलेक्टरों को ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 अगस्त। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश ने राज्य के सभी पेंशनरों से आह्वान किया है कि केंद्र सरकार द्वारा जनवरी 2026 से स्वीकृत 2 प्रतिशत महंगाई राहत (डीआर) का लाभ छत्तीसगढ़ के पेंशनरों को अब तक एरियर सहित प्रदान नहीं किए जाने के विरोध में कल बुधवार, को प्रदेश के सभी जिलों में कलेक्टरों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

महासंघ के प्रांताध्यक्ष  वीरेन्द्र नामदेव ने बताया कि केंद्र सरकार अपने पेंशनरों को जनवरी 2026 से 2त्न महंगाई राहत का लाभ पहले ही दे चुकी है, जबकि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अभी तक इस संबंध में आदेश जारी नहीं किया गया है। इससे राज्य के लाखों पेंशनरों में निराशा और असंतोष व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के बीच महंगाई राहत संबंधी सहमति की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। इसलिए अब जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत का आदेश एरियर सहित जारी करने में कोई प्रशासनिक बाधा शेष नहीं है। ऐसे में आदेश जारी करने में हो रही देरी उचित नहीं है।

महासंघ के प्रदेश संगठन मंत्री टी पी सिंह ने  सभी  पेंशनरों से अपील की है कि वे 5 अगस्त को आयोजित ज्ञापन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित हों।


अन्य पोस्ट