रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 अगस्त। ग्रामीण पुलिस ने सोमवार सुबह धरसीवां इलाके में दबिश दी। एएसपी, सीएसपी के नेतृत्व में बड़े अमले ने धरसीवां, सांकरा और सिलतरा कालोनी बस्तियों में से रह रहे अप्रवासियों खासकर बांग्लादेशी लोगों की पहचान सत्यापन कर रही है।
इस संबंध में एएसपी अभिषेक झा ने बताया कि औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत दिगर राज्यों के प्रवासी श्रमिकों का सत्यापन किया गया। आज सिलतरा के जेपी वीडियो हाल चॉल में रहने वाले श्रमिकों की पहचान सत्यापन किया गया। यहां 600 श्रमिक रहते हैं। एएसपी के अनुसार आने वाले दिनों में फैक्ट्रीवार सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए फैक्ट्री संचालकों मैनेजमेंट से सूची मांगी गई है।
झा ने बताया कि इस जांच के दौरान 06 संदेही व्यक्तियों की विशेष तस्दीक की गई, जिनके संबंध में विस्तृत पूछताछ एवं सत्यापन किया गया।
पुलिस ने मकान मालिकों एवं प्रबंधन को निर्देशित किया गया कि बिना पुलिस सत्यापन किसी भी व्यक्ति को किराये पर आवास उपलब्ध न कराएं तथा बाहरी व्यक्तियों की जानकारी समय-समय पर पुलिस को उपलब्ध कराएं।
अपराधो की रोकथाम एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अवैध प्रवासी और किरायेदारों का सत्यापन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 में जानकारी देने कहा है।
ग्रामीण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने यहां निवासरत किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा अवैध प्रवासी से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को दें।