रायपुर

रिलायंस ज्वेल्स से 17.50 लाख के सोने के कंगन बदले कर्मी ने, गबन की रिपोर्ट
03-Aug-2026 6:17 PM
रिलायंस ज्वेल्स से 17.50 लाख के सोने के कंगन बदले कर्मी ने, गबन की रिपोर्ट

3 सेट 22 कैरेट सोने के कंगनों की जगह 3 नकली कंगन रखे गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 अगस्त। जयस्तंभ चौक स्थित रिलायंस ज्वेल्स स्टोर में  वहां के पूर्व कर्मी ने दुकान से 17.50 लाख रुपए  के सोने के कंगन गायब कर दिए। उसकी जगह उसने नकली कंगन रख धोखाधड़ी कर दी। इस संबंध में स्टोर मैनेजर मो. आरिफ खान की शिकायत पर गोलबाजार पुलिस ने पूर्व सेल्स स्टाफ मनोज यादव के विरुद्ध धारा 316(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पखवाड़े भर पहले स्टोर के कंगन काउंटर का स्टॉक मिलान करने के दौरान कर्मचारियों ने पाया कि 3 सेट 22 कैरेट सोने के कंगनों की जगह 3 नकली कंगन रखे गए हैं। जांच में संबंधित काउंटर की जिम्मेदारी तत्कालीन सेल्स स्टाफ मनोज यादव के पास होना सामने आया।

शिकायत में बताया गया है कि मनोज यादव ने 6 जुलाई  को कंपनी पोर्टल पर इस्तीफा दिया था और अंतिम कार्य दिवस 7 जुलाई दर्शाया था, जबकि वह 2 जुलाई के बाद स्टोर नहीं आया। आरोप है कि उसने बिना हैंडओवर-टेकओवर प्रक्रिया पूरी किए नौकरी छोड़ दी, जबकि कंपनी ने उसे इसके लिए कई बार सूचित किया था।

स्टोर प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य दस्तावेजों की जांच की। जांच में पाया गया कि  मनोज यादव ने दुकान के गहनों में हेरफेर किया। आवेदन के अनुसार, 5 मई को हुए ग्लोबल स्टॉक ऑडिट तथा 17 जून के इंटरनल ऑडिट के दौरान भी आरोपी ने कंगनों के टैग अन्य आभूषणों पर लगाकर ऑडिट टीम को गुमराह किया, जिससे वास्तविक कमी  रही। वहीं, तीसरे सेट को 28 मई को सीसीटीवी कवरेज से बाहर ले जाकर गायब करने का आरोप भी लगाया गया है।

स्टोर प्रबंधन का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने घटना से इनकार किया, लेकिन बाद में नुकसान की भरपाई करने के लिए समय मांगा। पर्याप्त अवसर दिए जाने के बावजूद न तो उसने कथित नुकसान की भरपाई की।

गायब सोने के कंगनों की कीमत  17.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, ऑटो-जनरेटेड ई-मेल, बरामद नकली कंगन और ऑडिट रिपोर्ट जैसे दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे गए हैं।

पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज, ऑडिट रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट