रायपुर

टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर दें घुसपैठियों की जानकारी
01-Aug-2026 7:06 PM
टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर दें घुसपैठियों की जानकारी

जनसंवाद में पुलिस ने कहा नाम गोपनीय रहेगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 अगस्त। पश्चिम क्षेत्र पुलिस के थानेदारों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों के विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं बस्तियों में नागरिकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के बीच  जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इसमें पुलिस मुख्यालय के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1905* के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि राज्य की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अवैध प्रवासियों एवं घुसपैठियों से संबंधित सूचनाओं के प्रभावी संकलन के उद्देश्य से यह हेल्पलाइन प्रारंभ की गई है। यदि किसी नागरिक को अपने क्षेत्र में किसी संदिग्ध अवैध प्रवासी, घुसपैठिए अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी प्राप्त होती है, तो वह उक्त टोल-फ्री नंबर पर सूचना दे सकता है। प्राप्त सूचनाओं पर पुलिस द्वारा सूचना देने वाले की गोपनीयता बनाए रखते हुए  विधिसम्मत कार्यवाही की जाएगी।

साथ ही इन जन संवाद कार्यक्रम में यातायात नियमों, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, नशामुक्ति, पुलिस सहायता सेवाओं तथा आंतरिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर नियम और कार्रवाई पर जागरूक किया गया।

इस दौरान थाना प्रभारियों सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में नाबालिग वाहन चालकों एवं उनके अभिभावकों से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क कर समझाइश दी गई कि वे अपने बच्चों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें।


अन्य पोस्ट