रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 जुलाई। के मालवीय रोड स्थित श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में शुक्रवार को पूज्य साधु संघ के पावन सानिध्य में धार्मिक अनुष्ठान अत्यंत भक्तिभाव एवं हर्षोल्लास के साथ हुए। आज प्रात:काल मूलनायक भगवान आदिनाथ के समक्ष श्री जी का अभिषेक एवं सर्व जीव हितकारिणी शांतिधारा हुई। पूज्य मुनि श्री 108 आगम सागर जी महाराज के मुखारविंद से वाचन की गई। इस शांतिधारा का पुण्यार्जन संजय कुमार जैन एवं अजय कुमार जैन (छिंदवाड़ा) को प्राप्त हुआ।
वर्षायोग समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जैन (गुरुकृपा) एवं कार्यकारी अध्यक्ष संजय जैन ने बताया कि शांतिधारा के उपरांत मुनि श्री आगम सागर एवं मुनि पुनीत सागर ने तत्त्वार्थसूत्र कक्षा के अंतर्गत छह ढाला का स्वाध्याय (अध्ययन) कराया। इसके पश्चात उपस्थित धर्मप्रेमी बंधुओं ने गुरुदेव की दिव्य देशना (प्रवचन) का धर्मलाभ लिया। प्रवचन के उपरांत मुनि संघ की आहारचर्या सौभाग्यशाली परिवारों द्वारा भक्तिभाव के साथ कराई गई। जिनालय में लघु तीर्थ के निर्माण निमित्त प्रतिदिन शाम को भक्तांबर महापाठ आयोजित किया जा रहा है। इसमें 30 जुलाई (गुरुवार) श्रीमती आराधन नायक - संजय नायक जैन प्रियदर्शिनी नगर, 31 जुलाई शुक्रवार श्रीमती संध्या जैन - अजीत जैन (देवेंद्र नगर) को भक्तांबर पाठ का पुण्यार्जन किया ।
मुनि श्री का पावन चातुर्मास 18 वर्षों बाद रायपुर को प्राप्त हुआ है। 2 अगस्त (रविवार) समय दोपहर 1 बजे से मंदिर में भव्य कलश स्थापना का कार्यक्रम रखा गया है जिसमें महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।