रायपुर

बंगाल-ओडिशा में बन रहा सिस्टम 24 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट
30-Jul-2026 6:58 PM
बंगाल-ओडिशा में बन रहा सिस्टम 24 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 जुलाई। बंगाल और ओडिशा के ऊपर बने मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। रायपुर की खारून नदी का जल स्तर बढ़ गया। वहीं कई जगहों पर बारिश से यातायात बाधित रही।

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, बस्तर और दुर्ग संभाग के कई क्षेत्रों में तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं 31 जुलाई से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने के संकेत हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक प्रभाव रायपुर संभाग में देखने को मिला, जबकि सरगुजा, दुर्ग, बस्तर और बिलासपुर संभाग के कई क्षेत्रों में भी जोरदार बारिश हुई।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी आंकड़े

छत्तीसगढ़ में इस साल मानसूनी बादलों की चाल अलग-अलग अंचलों में अलग रंग दिखा रही है। मैदानी और मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में जहां नदियां-नाले उफान पर हैं और जलाशयों में तेजी से जलभराव हो रहा है। राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 29 जुलाई 2026 तक जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में 1 जून से अब तक औसतन 485.9 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो पिछले 10 वर्षों के औसत (515.9 मिमी) का 94.2 प्रतिशत है। ?केवल 29 जुलाई को ही प्रदेश भर में औसतन 38.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई जिलों में धान रोपाई के कामों में तेजी आ गई है।

 कहाँ कितनी वर्षा

बीते 24 घंटों के दौरान महासमुंद में सबसे अधिक 101.5 मिमी, गरियाबंद में 92.5 मिमी, धमतरी में 90.8 मिमी, रायपुर में 79.7 मिमी, बीजापुर में 74.0 मिमी तथा बालोद में 69.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

खारून उफान पर

अंचल में  बीते सप्ताह भर से  लगातार हो रही बारिश से नदी बांध और तालाब लबालब हो चले हैं। सिकासेर से जहां पानी छोड़ा गया है वहीं गंगरेल भी लबालब है। इनसे आ रहे पानी से खारून भी उफान पर पहुंच गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए अलर्ट जारी किया है। ऐसे में आज भी बारिश हुई तो  खारून महादेव घाट पुल को पार कर बहने लगेगी। नदी के खतरनाक बहाव को देखते हुए प्रशासन के निर्देश पर नौकायन बंद करा दिया गया है और नाव किनारे लगा दिए गए हैं। साथ ही आम लोगों जो तैराकी नहीं जानते हैं उन्हें  घाट किनारे जाने से मना कर दिया गया है।


अन्य पोस्ट