रायपुर

एमएमआई के पर्चेस कर्मी से बीच रास्ते मारपीट, ठेकेदार के साथ भी झड़प
30-Jul-2026 6:57 PM
एमएमआई के पर्चेस कर्मी से बीच रास्ते मारपीट, ठेकेदार के साथ भी झड़प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 जुलाई। राजधानी के टिकरापारा इलाके में बाइक से घर लौट रहे एक युवक के साथ दो बाइक सवारों ने गाली-गलौज कर मारपीट कर दी। वहीं कचना में एक ठेकेदार के साथ शराब के नशे में गाली गलौज हो गई। पुलिस ने दोनों ही मामलों में आरोपी के खिलाफ मारपीट का अपराध दर्ज किया है। र्

  शांति रेसिडेंसी आम्रपाली सोसायटी, निवासी विनय ने बताया कि एमएमआई अस्पताल के पर्चेस विभाग में कार्यरत हैं। 28 जुलाई की रात 8.30 बजे वह अपनी बाइक से राजेंद्र नगर की ओर से घर लौट रहे थे। लालपुर ओवरब्रिज के नीचे आगे चल रहे ट्रक के कारण वह धीरे वाहन चला रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे दो बाइक सवार युवकों ने साइड नहीं देने की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे।

इसके बाद आरोपियों ने उसकी बाइक जबरन रूकवाकर हाथ मुक्कों से मारपीट की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना की जानकारी उसने अपने साथी अजय वर्मा को दी। जिसके बाद उसने टिकरापारा थाना जाकर इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में बाइक सवार के आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई की।

उधर खम्हारडीह में रहेजा निर्वाना, कचना निवासी अनुज द्विवेदी के साथ हीरा सिंह राजपूत ने मारपीट कर दी। अनुज ने बताया कि वह कचना में निर्माण ठेकेदार है। उन्होंने शिकायत में बताया कि 25 जुलाई  की रात 8.50 बजे हीरा सिंह राजपूत ने शराब के नशे में उनके साथ गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसके साथ हाथापाई की और जान से मारने की धमकी दी।

घटना के दौरान वहां काम कर रहे राजू, शेर सिंह बंजारे सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया। इसकी शिकायत अनुज कुमार द्विवेदी ने खम्हारडीह थाना में दर्ज कराई। शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट