रायपुर
रिश्ते में चाची, और पड़ोस की महिला के साथ बनाया था गिरोह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 जुलाई। खुदाई में मिला पुराना सोना बताकर पीतल का हार बेचने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन ठगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। तीनों मामलों में कुल 22.50 लाख रूपये की धोखाधड़ी की गई थी। कानपुर के मूल निवासीआरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है।
पहली ठगी- महेश कानस्कर ने थाना न्यू राजेन्द्र नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 18 जनवरी 26 को कलर्स मॉल के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को दिहाड़ी मजदूर बताते हुए पुराने सिक्के एवं खुदाई में मिला सोने का हार होने की बात कही तथा बहन की शादी का हवाला देकर हार खरीदने का आग्रह किया। कुछ दिनों बाद आरोपी अपनी कथित मां के साथ प्रार्थी से मिला और हार की एक लड़ी से चार टुकड़े देकर उनकी जांच कराई, जो असली सोना पाए गए। इस पर दोनों ने आर्थिक मजबूरी बताकर पूरा हार बेचने का प्रस्ताव दिया। 5 फरवरी 26 को पचपेड़ी नाका में मुलाकात के दौरान आरोपी एवं उसकी मां ने वही हार दिखाया, जिस पर विश्वास कर प्रार्थी ने 2,50,000 नगद दे दिए। बाद में सराफा बाजार में हार की जांच कराने पर वह पूरी तरह नकली एवं तांबे का निकला। इसके बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया तथा काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। इस प्रकार आरोपी एवं उसकी साथी महिला ने असली सोने का हार बताकर नकली हार देकर प्रार्थी से 2,50,000 रूपये की धोखाधड़ी की।
दूसरी घटना में यश मोटवानी ने थाना तेलीबांधा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 01 जून 26 को उसकी मोबाइल एसेसरीज दुकान में एक व्यक्ति पुराना सिक्का दिखाकर चला गया तथा बाद में मोबाइल पर संपर्क कर खुदाई में मिला सोने का हार बेचने की बात कही। अगले दिन आरोपी अपने दो साथियों के साथ तेलीबांधा ओवरब्रिज के नीचे मिला और हार का एक टुकड़ा जांच के लिए दिया, जो ज्वेलर्स द्वारा असली सोना बताया गया। इस पर आरोपियों ने हार का सौदा 15 लाख में किया, जो बाद में 10 लाख में तय हुआ। दिनांक 03 जून 26 को जोरा ओवरब्रिज के पास आरोपियों ने हार दिखाया। प्रार्थी ने हार के दो टुकड़ों की जांच कराई, जिन्हें असली सोना बताए जाने पर आरोपियों को 10 लाख नगद देकर हार खरीद लिया। बाद में अन्य ज्वेलर्स से जांच कराने पर पूरा हार पीतल का निकला। इस प्रकार मोबाईल फोन के धारक आरोपी गोपाल प्रजापति एवं उसके साथियों ने सोने का हार बताकर पीतल का हार बेचते हुए प्रार्थी से 10 लाख की धोखाधड़ी की।
तीसरी धवल बडोदरिया ने थाना डी.डी. नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके मित्र नमन अग्रवाल के माध्यम से राजेश प्रजापति नामक व्यक्ति से परिचय हुआ, जिसने खुदाई में मिला लगभग 2 किलो वजनी सोने का हार दिखाकर बेचने की बात कही। आरोपी द्वारा हार का एक टुकड़ा जांच के लिए दिया गया, जो असली सोना पाया गया। इसके बाद आरोपी एवं उसकी मां से सौदा तय हुआ। 23 जून 26 को रायपुरा चौक के पास आरोपी एवं उसकी मां से मुलाकात हुई, जहां प्रार्थी ने 10 लाख नगद देकर सोने का हार खरीद लिया। बाद में हार की विभिन्न ज्वेलर्स से जांच कराने पर वह नकली निकला। इस प्रकार आरोपी राजेश प्रजापति एवं उसकी मां ने असली सोने का हार बताकर नकली हार बेचते हुए प्रार्थी से 10 लाख की धोखाधड़ी की।
बीते 6 माह में हुए तीन ठगी धारा 318(4), 3(5) के तहत दर्ज कर पुलिस टीम पड़ताल कर रही थी।टीम सभी प्रार्थियों से विस्तृत पूछताछ की गई तथा आरोपियों के हुलिए, गतिविधियों एवं वारदात के दौरान अपनाए गए तरीके के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी एकत्रित की गई। साथ ही घटनास्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों की छानबीन की।
जांच के दौरान तीनों घटनाओं के तरीके बातचीत का तरीका, स्वयं को मजदूर बताना, खुदाई में सोने के आभूषण मिलने की कहानी बताना, असली सोने का छोटा नमूना देकर विश्वास अर्जित करना तथा बाद में पीतल के आभूषण को सोने का बताकर बेचना सभी घटनाओं में एक समान पाया गया। इस आधार पर टीम ने निष्कर्ष निकाला कि तीनों घटनाओं को एक ही संगठित गिरोह द्वारा योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया है।
इसके पश्चात आरोपियों के काल किए गए मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। आरोपियों की पहचान स्थापित करते हुए उनके महाराष्ट्र के मुंबई शहर में होने की पुष्टि हुई। इस पर एक टीम को मुंबई भेज वहां लगातार निगरानी एवं पतासाजी की गई। इस पर मुख्य आरोपी शंभू राय सहित दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में शंभू राय ने बताया कि गीता गुजराती उसकी रिश्ते में चाची है तथा शांति गुजराती उसके मोहल्ले की परिचित महिला है। दोनों महिलाओं को वह अलग-अलग मामलों में अपनी मां अथवा अन्य रिश्तेदार बताकर पीडि़तों का विश्वास जीतने के लिए साथ ले जाता था तथा उनके माध्यम से धोखाधड़ी की वारदातों को अंजाम देता था।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इसी प्रकार का गिरोह बनाकर देश में घूम-घूमकर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में एक दर्जन से अधिक धोखाधड़ी की घटनाएं करना स्वीकार किया है, जिनमें करोड़ों रुपये की ठगी की गई है। अब तक किसी भी प्रकरण में आरोपियों गिरफ्तारी नहीं हुई थी तथा वे लगातार स्थान बदलकर पुलिस से बचते रहे।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे नगद 09 लाख, चांदी का 12 नग सिक्का, पीतल के विभिन्न आभूषण तथा 4 मोबाईल फोन कुल 12 लाख रूपये जप्त किए गए।इनके साथ ही आरोपी शंभू राय के चार अलग-अलग फर्जी आधार कार्ड भी जप्त किए गए हैं जिसके संबंध में जाँच की जा रही है द्य
तरीका-ए-वारदात - आरोपी पहले ऐसे व्यक्तियों की तलाश करते थे जो आर्थिक रूप से सक्षम हों। इसके बाद स्वयं को दिहाड़ी मजदूर या खुदाई का कार्य करने वाला व्यक्ति बताकर उनसे संपर्क करते थे और यह कहानी बताते थे कि खुदाई के दौरान उन्हें पुराने समय के सोने के आभूषण एवं सिक्के मिले हैं। विश्वास पैदा करने के लिए वे पीडि़त को सोने जैसा दिखने वाला भारी पीतल का आभूषण दिखाते थे। यदि पीडि़त आभूषण की जांच कराने की बात करता था, तो आरोपी उसी आभूषण से पहले से तैयार रखा गया असली सोने का छोटा टुकड़ा (सैंपल) तोडक़र दे देते थे। जांच में वह सैंपल वास्तविक सोना निकलने पर पीडि़त पूरी तरह उनके झांसे में आ जाता था। इसके बाद आरोपी आर्थिक मजबूरी, बहन या बेटी की शादी अथवा अन्य भावनात्मक कारण बताकर पूरा आभूषण कम कीमत में बेचने का लालच देते थे। सौदा तय होने पर पीडि़त से लाखों रुपये नगद लेकर उसे सोने जैसा दिखने वाला पीतल का नकली आभूषण थमा देते थे। बाद में जब पीडि़त पूरे आभूषण की जांच कराता था, तब पता चलता था कि वह पूरी तरह पीतल का है और आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो चुके होते थे। इसी सुनियोजित तरीके से गिरोह देश के विभिन्न राज्यों में लोगों को करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का शिकार बनाता रहा।