रायपुर
कटारिया के साथ कर्मचारी संघों की बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 जुलाई। स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय में कर्मचारी संगठनों के साथ प्रस्तावित कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई। विभाग ने योजना का डिजिटल प्रस्तुतीकरण भी किया ।चर्चा के दौरान बताया गया कि यह योजना पूर्णत: कैशलेस होगी तथा उपचार हेतु व्यय की अधिकतम सीमा भी निर्धारित नहीं की जाएगी। बैठक में आमंत्रित 11 कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने योजना को अधिक प्रभावी, व्यापक एवं कर्मचारी हितैषी बनाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए। योजना के अनुसार इसकी व्यय सीमा बी-1 श्रेणी के शहरों के लिए निर्धारित पैकेज या वास्तविक व्यय जो कम हो होगी। इलाज प्रदेश और देश के मान्यता प्राप्त अस्पतालों में हो सकेगा। पात्र अधिकारी-कर्मचारी का ई-हेल्थ कार्ड बनेगा। इसमें शासकीय सेवा व उनके आश्रित परिजन शामिल किए जाएंगे। योजना संचालन के लिए डीएचएस में पृथक सेल का गठन होगा। चालू वर्ष के लिए इसमें 100 करोड़ रूपए रखे गए हैं।
पेंशनरों की उपेक्षा अनुचित : महासंघ
रायपुर, 30 जुलाई।भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव एवं प्रदेश महामंत्री प्रवीण कुमार त्रिवेदी ने शासकीय कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना का स्वागत किया है।
उन्होंने कहा है कि आश्चर्य एवं चिंता का विषय यह है कि इस महत्वपूर्ण योजना में राज्य के पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को शामिल नहीं किया गया है, जबकि सर्वाधिक चिकित्सा आवश्यकता इन्हीं वर्गों को होती है। प्रस्तावित योजना में केवल कार्यरत शासकीय सेवकों एवं उनके आश्रितों को लाभार्थी के रूप में शामिल किया गया है। महासंघ का मत है कि यही सुविधा राज्य के पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को भी समान रूप से उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा कि पेंशनरों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता। महासंघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष जे पी मिश्रा,प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी, प्रदेश संगठन मंत्री टी पी सिंह, रायपुर संभाग के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिन्हा , जिला रायपुर के अध्यक्ष आर जी बोहरे, सचिव ओ डी शर्मा आदि ने कहा है कि यदि शासन द्वारा शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो महासंघ राज्यभर में आंदोलन के लिए बाध्य होगा।