रायपुर
ठेकेदार को नोटिस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 जुलाई। राजधानी रायपुर में शहीद हेमू कालानी चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य छह महीने बाद भी पूरा नहीं हो सका है। कार्य में लगातार हो रही देरी को लेकर सिंधी समाज ने नाराजगी जताई है। नगर निगम ने लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अंतिम नोटिस जारी किया है।
बताया गया कि सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपनी सांसद निधि से चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए थे। 10 जनवरी 2026 को भूमिपूजन के बाद नगर निगम ने निविदा प्रक्रिया पूरी कर एएनए बिल्डर्स को कार्य सौंपा था। ठेकेदार ने निर्माण कार्य शुरू तो किया, लेकिन महज दो दिन बाद काम बंद कर दिया। इसके बाद निगम ने दो बार नोटिस जारी किए, बावजूद इसके निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं हुआ।
अब नगर निगम ने ठेकेदार को तीसरा और अंतिम नोटिस जारी करते हुए दो दिन के भीतर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में ब्लैकलिस्टेड करने की चेतावनी दी है । निर्धारित समय सीमा में कार्य प्रारंभ नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इधर, सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया, छत्तीसगढ़ इकाई के प्रदेश अध्यक्ष ललित जैसिंघ ने निर्माण कार्य बंद होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी शहीद हेमू कालानी की स्मृति से जुड़े इस महत्वपूर्ण चौक का सौंदर्यीकरण लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे सिंधी समाज में असंतोष बढ़ रहा है। काउंसिल ने नगर निगम से देरी समाप्त कर जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।
इस बीच, यह चर्चा भी है कि स्थानीय प्रभावशाली नेताओं के कथित कमीशन के दबाव के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है।