रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 जुलाई। भाटापारा रेलवे स्टेशन पर टिकट चेकिंग अभियान चलाया। इसमें भाटापारा स्टेशन के सभी प्लेटफार्म, के साथ 08 ट्रेनों में सघन जांच की गई। इसमें कुल 212 मामलों को दर्ज कर 1,53,765 रुपए जुर्माना वसूला गया।
इनमें बिना टिकट 110 यात्री पकड़े गए, जिससे 98,665/- राजस्व प्राप्त हुआ। अनियमित टिकट वाले 66 यात्रियों से 51500/- रूपये राजस्व प्राप्त हुआ, अधिक लगेज वाले 36 यात्रियों से 3600/- रूपये राजस्व प्राप्त हुआ । इस टिकट चेकिंग अभियान में संचालन सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद के द्वारा एवं मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक ए. जेना, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक-टिकट चेकिंग अविजित डे सहित 12 टिकट चेकिंग स्टाफ, 04 आरपीएफ स्टाफ शामिल रहे । रेल प्रशासन यात्रियों को आगाह करता है कि वे यात्रा हेतु उचित टिकट एवं रेल परिसर मे प्रवेश करने के पहले प्लेटफॉर्म टिकट अवश्य खरीदें। रेलगाड़ी एवं रेल परिसर को साफ सुथरा रखने में भी रेल प्रशासन को सहयोग प्रदान करें । रेलगाड़ी एवं रेल परिसर में गंदगी फैलाते पाए जाने पर 1000 रूपये से 5000 रूपये तक जुर्माना अथवा 06 महीने का कारावास का प्रावधान है।
रेल टिकट एजेंट ने 22 साल बाद कोर्ट में किया सरेंडर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 जुलाई। रेलवे टिकट दलाली के 22 साल पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी ने आखिरकार रेलवे कोर्ट रायपुर में सरेंडर कर दिया। आरोपी पिछले 15 साल से दुबई में रहकर ड्राइवरी का काम कर रहा था। उसके खिलाफ साल 2012 से स्थायी गिरफ्तारी वारंट (पीएनबीडब्ल्यू) जारी था। आरपीएफ दुर्ग की लगातार कार्रवाई, परिवार से संपर्क और समझाइश के बाद आरोपी भारत लौटा और शुक्रवार को अपने वकील के साथ विशेष रेलवे न्यायालय रायपुर में पेश हुआ।
आरपीएफ के मुताबिक रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट दुर्ग में वर्ष 2004 में रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत टिकट दलाली का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में तिजेंदर सिंह उर्फ टिंकू (46) निवासी लक्ष्मी नगर, सुपेला के खिलाफ विशेष रेलवे न्यायालय रायपुर ने 18 अप्रैल 2012 को स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
लंबे समय तक आरोपी के नहीं मिलने से वारंट लंबित था। आरपीएफ की टीम जब वारंट में दर्ज पते पर पहुंची तो पता चला कि आरोपी वहां नहीं रहता है। जांच के दौरान मुखबिर से जानकारी मिली कि वह कई साल पहले पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला स्थित अपने गांव चला गया था। इसके बाद आरपीएफ की टीम बटाला पहुंची और उसके घर पर पूछताछ की। आरोपी के माता-पिता और पत्नी ने टीम को बताया कि तिजेंदर सिंह पिछले करीब 15 साल से दुबई में रहकर ड्राइवर की नौकरी कर रहा है। इसके बाद आरपीएफ ने परिवार को वारंट की प्रति और नोटिस सौंपा। साथ ही आरोपी और उसके परिजनों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया।