रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 जुलाई। छत्तीसगढ़ राज्य में पूर्व मुख्यमंत्री स्व पं श्यामा चरण शुक्ल द्वारा सिंचाई सुविधाओं में वृद्धि करते हुए शांति नगर में सिंचाई कॉलोनी की स्थापना 1972 में की थी। तब से तीन पीढ़ी से सरकारी कर्मचारी व सेवारत एवं सेवानिवृत होने के बाद निवासरत है। कॉलोनी दो विभागों के झगड़े में 10 साल से सुविधाविहीन पड़ी हुई है। कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने बताया है कि सिंचाई विभाग ने री डेवलपमेंट के नाम पर भूपेश बघेल सरकार में पूरी कॉलोनी को गृह निर्माण मंडल को सौंप दिया। कांग्रेस सरकार में गृह निर्माण मंडल आपसी खींचातानी में निर्माण नहीं कर पाया। कर्मचारी मजबूरी में व अधिकारियों के दबाव में शासकीय आवास को रिक्त कर रहे हैं। बोरियाकला में इन कर्मचारियों को दिए गए आवास सुविधाहीन हैं।
श्री झा ने कहा है कि यहां चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों को प्रताडि़त कर दो साल पहले क्वार्टर खाली करा कर कर्मचारियों को धमकाने के लिए क्वार्टर तोड़ा गया। अभी भी वहां निवासरत कर्मचारियों को मानवीय सुविधा बिजली पानी से वंचित कर डराया जा रहा है। सिंचाई विभाग पाइप टूटने पर बनाने से हाथ खींच रहा है तो वहीं गृह निर्माण मंडल भी इसकी सुध नहीं करना चाह रहा है। टैंकरों में पानी लाकर जीवकोपार्जन करने मजबूर है। प्रदेश तृतीय वर्ग अध्यक्ष रामचंद्र टांडी, साहिल मुदलियार, शत्रुघ्न राजपूत अनामिका यदु,शुभम भट्टृ, रंजीत मिश्रा, पापा राव, ललित यादव महादेव सहित सैकड़ो कर्मचारियों ने मुख्य अभियंता कार्यालय में प्रदर्शन किया है। पानी की सुविधा उपलब्ध न होने पर धरना दिए जाने की चेतावनी विभागीय अधिकारियों को दी गई है।