रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 जुलाई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने नीट पेपर लीक मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित कड़े कदमों और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने के बाद कांग्रेस तथा इंडिया गठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इन घटनाक्रमों से विपक्ष का वास्तविक राजनीतिक चरित्र और उसका भारत विरोधी एजेंडा उजागर हो गया है।
किरण देव ने जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए त्वरित और सख्त कदम उठाने की घोषणा की है। उनके अनुसार केंद्र सरकार ने मामले की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन, दोषियों के लिए 5 से 10 वर्ष की सजा, जमानत के कड़े प्रावधान और दोषी पाए जाने पर संबंधित कोचिंग संस्थानों को बंद करने जैसे प्रावधानों वाला कानून तैयार करने की दिशा में पहल की है।
उन्होंने कहा कि सरकार के सकारात्मक रुख के बाद केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि केंद्र सरकार छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का उद्देश्य छात्रों के मुद्दे का समाधान नहीं, बल्कि उनके नाम पर राजनीति करना और देश में भ्रम तथा असंतोष का माहौल बनाना था। उन्होंने कहा कि सरकार ने जब समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए, तब विपक्ष का वास्तविक चेहरा सामने आ गया।
किरण देव ने कहा कि देश के युवा यह समझते हैं कि उनके भविष्य के लिए कौन काम कर रहा है और कौन केवल राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों का इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा सरकार छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और पेपर लीक जैसे मामलों के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।