रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 जुलाई। राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में बीती रात मारपीट और विवाद की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई है। इनमें गांजा और शराब पीने पौसों की मांग और गली में घूमने, दो परिवारों में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हो गई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली इलाके के नेहरू नगर निवासी अन्नू भारती ने शिकायत दर्ज कराई कि 23 जुलाई की रात 10.30 बजे वह अपने दोस्त सुनील के साथ जद्दो किराना दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान सुबे सागर और संदीप वहां पहुंचे और शराब एवं गांजा पीने के लिए 300 रुपए मांगने लगे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों ने गाली-गलौज की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर बेसबॉल बैट से मारपीट की। हमले में अन्नू भारती के बाएं हाथ की कोहनी, बाएं घुटने और पीठ में चोट आई।
उधर गंज मे ऑटो चालक झुठेलाल विश्वकर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 जुलाई की रात 9.30 बजे वह अपने तीन वर्षीय बेटे को घर के बाहर गली में घुमा रहा था। इसी दौरान मोहल्ले का सुजल यादव पहले विवाद कर चला गया और कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ लौटकर आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। वहीं पास में पड़े पत्थर उठाकर उसके बाएं पैर पर पटक दिया। घटना के दौरान पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक अन्य मामले में नहरपारा सुभाषनगर निवासी छात्रा सुरुचि दुर्गा ने शिकायत में बताया कि वह अपनी मां भारती दुर्गा के साथ घर के बाहर थी। उसी समय इन्द्रा तांडी, उसकी बेटी सीमा तांडी और मोनिका तांडी पुरानी रंजिश को लेकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर तीनों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-थप्पड़ से मारपीट की। पीडि़ता की मां ने बीच-बचाव किया।
तीनों मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध मामले दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।