रायपुर

एयर एनसीसी के कैडेटों का रैंक इन्वेस्टीचर समारोह
19-Jul-2026 5:51 PM
एयर एनसीसी के कैडेटों का रैंक इन्वेस्टीचर समारोह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 19 जुलाई। शासकीय संत गोविंद राम शदाणी कला एवं वाणिज्य कन्या महाविद्यालय, देवेंद्र नगर में 3 छत्तीसगढ़ एयर एनसीसी स्क्वाड्रन का रैंक इन्वेस्टीचर समारोह आयोजित किया गया। समारोह में एयर विंग एनसीसी के कैडेटों को एनसीसी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, नेतृत्व क्षमता, सक्रिय भागीदारी, अनुशासन और समर्पण के आधार पर रैंक प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय अपर संचालक, उच्च शिक्षा डॉ. अमिताभ बनर्जी, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ऊषा किरण अग्रवाल, दुर्गा महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा मुखर्जी साहूकार तथा एसएसआईपीएमटी, सेजबहार के प्राचार्य डॉ. आलोक जैन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बताया गया कि वरिष्ठ स्कंध एनसीसी के तीन वर्षीय पाठ्यक्रम में कैडेटों को उनके प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न रैंक दिए जाते हैं। इससे उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, कार्यकुशलता और दायित्वबोध का विकास होता है।

डॉ. ऊषा किरण अग्रवाल ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें नैतिक और सामाजिक मूल्यों का पालन करते हुए मिली जिम्मेदारी को कर्तव्य और दायित्व के रूप में निभाना चाहिए। 3 छत्तीसगढ़ एयर एनसीसी स्क्वाड्रन के कमान अधिकारी स्क्वाड्रन लीडर एम. जर्रार ने कहा कि रैंक को अधिकार या शक्ति नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का प्रतीक मानकर उसका निर्वहन करना चाहिए। स्वागत भाषण फ्लाइंग ऑफिसर रंजना पूजा यादव ने दिया। कार्यक्रम का संचालन कैडेट अंडर ऑफिसर आशावरी शर्मा एवं कैडेट वारंट ऑफिसर निधि तिवारी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन स्क्वाड्रन लीडर डॉ. विजय कुमार चौबे (एएनओ) ने किया।

 समारोह में एयर एनसीसी के पीआई स्टाफ, महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट