रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 जुलाई। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए रायपुर नगर निगम ने मोवा ओवरब्रिज के नीचे नाले पर बनाए गए छह अवैध पाटों को जेसीबी मशीन से हटाकर जल निकासी सुचारु कराई। यह कार्रवाई होंडा शोरूम सहित अन्य व्यावसायिक संस्थानों द्वारा नाले पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ की गई।
महापौर मीनल चौबे और निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निगम जोन-3 की जोन कमिश्नर प्रीति सिंह ने संबंधित संस्थानों को पहले नोटिस जारी कर स्वयं अपने खर्च पर अवैध पाटे हटाने और सफाई के लिए चैंबर बनाने के निर्देश दिए थे। नोटिस के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर निगम ने सख्त कदम उठाया।
नगर निगम जोन-3 के नगर निवेश विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से लोधीपारा चौक स्थित मोवा ओवरब्रिज के नीचे होंडा शोरूम सहित अन्य संस्थानों के सामने नाले पर बने छह बड़े अवैध पाटों को तोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे, सहायक अभियंता नरेश कुमार साहू तथा उप अभियंता पूनम साहू उपस्थित रहे।
निगम अधिकारियों के अनुसार नाले पर बने अवैध पाटों के कारण नियमित सफाई नहीं हो पा रही थी, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही थी। अवैध निर्माण हटाने के बाद नाले की सफाई कराकर गंदे पानी की निकासी सुगम बनाई गई।