रायपुर
रिपोर्ट विधानसभा में पेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 जुलाई। सीएजी की स्थानीय निकायों पर मार्च 2023 तक की अवधि की लेखापरीक्षा रिपोर्ट शुक्रवार को विधानसभा में पेश की गई। रिपोर्ट में पंचायतों और नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली, वित्तीय प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्था में कई गंभीर खामियों का उल्लेख किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक ई-ग्राम स्वराज पोर्टल लागू होने के बावजूद पंचायतों में अधिकांश खातों का संचालन अब भी नकद आधारित मैनुअल प्रणाली से किया जा रहा है। वहीं, शहरी निकायों में भी दोहरी प्रविष्टि आधारित लेखा प्रणाली पूरी तरह लागू नहीं हो सकी।
सीएजी ने पाया कि संविधान की 11वीं अनुसूची के तहत पंचायतों को सौंपे जाने वाले सभी कार्यों का प्रभावी हस्तांतरण नहीं हुआ। चयनित 21 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंचों के 22 पद छह माह से अधिक समय तक रिक्त रहे। वर्ष 2018 से 2023 के दौरान जिला योजना समितियों की अनिवार्य बैठकें भी आयोजित नहीं की गईं।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पंचायतों को मिलने वाले निर्धारित राजस्व का पूरा हस्तांतरण नहीं किया गया। वर्ष 2018-23 के दौरान राज्य वित्त आयोग की अनुशंसा की तुलना में पंचायतों को राज्य के स्वयं के राजस्व स्रोतों से 3,243.46 करोड़ रुपये कम दिए गए। कई ग्राम सभाओं की बैठकों में आवश्यक गणपूर्ति (कोरम) भी पूरी नहीं हुई और जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
सीएजी के अनुसार पंचायत विभाग में स्वीकृत 2,260 पदों में से केवल 872 पद भरे गए थे, जबकि 1,388 पद रिक्त रहे। ग्राम पंचायत स्तर पर भी 1,278 सचिवों की कमी दर्ज की गई। स्थायी समितियों की बैठकें भी निर्धारित समय पर आयोजित नहीं की गईं।
शहरी निकायों से जुड़े मामलों में सीएजी ने राजनांदगांव नगर निगम में दुकानों के आवंटन में देरी के कारण 39.11 लाख रुपये के संभावित किराया राजस्व के नुकसान तथा जांजगीर-नैला और अकलतरा नगरपालिकाओं में जलापूर्ति परियोजनाओं में देरी के बावजूद ठेकेदारों से 5.18 करोड़ रुपये की निर्धारित क्षतिपूर्ति राशि की वसूली नहीं किए जाने की ओर भी ध्यान दिलाया है।