रायपुर

2 साल में 4 सौ जोड़े का सामूहिक विवाह
17-Jul-2026 7:39 PM
2 साल में 4 सौ जोड़े का सामूहिक विवाह

 किसी तरह की अनियमितता से मंत्री का इंकार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 जुलाई। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में वित्तीय अनियमितता का मामला शुक्रवार को उठा। पूर्व मंत्री अनिला भेडिय़ा ने कहा कि सामूहिक विवाह के लिए आए कई जोड़ों का आवेदन नहीं लिया गया। उन्हें लौटा दिया गया। पूर्व मंत्री ने नकली मंगलसूत्र देने का भी आरोप लगाया। इस पर महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने नकली सामग्री बांटने के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह योजना को लेकर कहीं से कोई शिकायत नहीं आई है।

पूर्व मंत्री अनिला भेडिय़ा के सवाल के जवाब में महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत बालोद जिले में पिछले दो वर्षों में कुल 7 सामूहिक विवाह आयोजित हुए हैं। उन पर एक करोड़ 99 लाख 95 हजार की राशि व्यय की गई।

महिला बाल विकास मंत्री ने बताया कि अब तक 4 सौ जोड़ों का विवाह हुआ है। उन्होंने बताया कि हर जोड़ों पर 50 हजार रुपए खर्च किए जाते हैं। 35 हजार रुपए वधु के एकाउंट में डीबीटी की जाती है। इसके अलावा 8 हजार रुपए विवाह से जुड़े खर्च और 7 हजार रुपए श्रृंगार सामाग्री वधु को भेंट की जाती है।

पूर्व मंत्री अनिला भेडिय़ा के सवाल के जवाब में लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि कहीं से कोई शिकायत नहीं आई है।


अन्य पोस्ट