रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 जुलाई। नकटी गांव में हुई तोडफ़ोड़ की घटना को लेकर प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित ग्रामीणों के साथ शुक्रवार को राज्यपाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने मामले की न्यायिक जांच कराने, पीडि़तों को मुआवजा देने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि 29 और 30 जून 2026 को रायपुर जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने माना क्षेत्र के ग्राम नकटी (सम्मानपुर) में 85 से अधिक मकानों पर बेदखली और तोडफ़ोड़ की कार्रवाई की। कांग्रेस का दावा है कि इनमें कई मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत थे। पार्टी ने कहा कि यदि मामले में समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई नहीं हुई तो आम जनता का कानून और संविधान पर विश्वास कमजोर होगा।
कांग्रेस ने राज्यपाल से मांग की कि प्रकरण की न्यायिक आयोग अथवा किसी स्वतंत्र उच्चस्तरीय एजेंसी से जांच कराई जाए, घटना में जिम्मेदार अधिकारियों और अन्य दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा प्रभावित परिवारों के मकान उसी स्थान पर दोबारा बनवाए जाएं। साथ ही मकानों के नुकसान का मुआवजा, पीडि़त परिवारों को पर्याप्त आर्थिक सहायता, पुनर्वास और सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक न्यायालय में कराने की भी मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, अनिता शर्मा, कुलदीप जुनेजा, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, रायपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, एजाज ढेबर, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और प्रभावित ग्रामीण शामिल थे।
कांग्रेस ने कहा राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इस मामले में मुख्यमंत्री और राज्य सरकार से चर्चा करेंगे तथा न्याय सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।