रायपुर

महिला की मदद करना पड़ा भारी, डिलीवरी बॉय से मारपीट
17-Jul-2026 7:33 PM
महिला की मदद करना पड़ा भारी, डिलीवरी बॉय से मारपीट

 एडवांस का पैसा वापस मांगने, रंजिश पर विवाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 रायपुर, 17 जुलाई। राजधानी में मारपीट की घटनाएं सामने आई है इस दौरान राजेंद्र नगर में महिला को सडक़ पार कराना एक युवक को भारी पड़ गया। वहां खड़े लोगों ने युवक के साथ हाथ मुक्कों से मारपीट कर दी। वहीं डीडीनगर में एडवांस का पैसा वापस मांगने पर सिविल इंजीनियर के साथ मारपीट हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राजेंद्र नगर पुलिस के मुाताबिक में बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र एवं टिफिन डिलीवरी का कार्य करने वाले डेविड जगनायक ने शिकायत दर्ज कराई है कि 16 जुलाई की रात संत ज्ञानेश्वर स्कूल के पास एक महिला को सडक़ पार कराने के दौरान तेजराम कनौजे और रामकुमार साहू ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर उसका टिफिन पार्सल नाली में फेंक दिया।  स्कूटी और मोबाइल फोन में भी तोडफ़ोड़ कर दी।

इधर डीडी नगर के मारुति विहार कॉलोनी निवासी सिविल इंजीनियर मोहम्मद दाऊद ने शिकायत में बताया कि उन्होंने अप्रैल 2026 में सलमान नामक व्यक्ति को किराए की जगह के लिए एक लाख रुपये एडवांस दिए थे। जगह खाली नहीं होने पर राशि वापस मांगने पहुंचे तो रायपुरा चौक स्थित अलीशा मोटर्स के पास शेख फरहान एवं उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए कुर्सी, लोहे के पाना और टीन की पेटी से हमला कर दिया। घटना में उनके सिर, चेहरे और हाथ में चोटें आईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक अन्य मामले में चंगोराभाठा अयोध्या नगर में रहने वाले नगर निगम कर्मचारी ने डीडी नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई कि 15 जुलाई की रात घर के सामने खड़े होने के दौरान मोहल्ले के शुभम मण्डावी ने पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज की।

 विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए पंच (नुकीले औजार) से सीने पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। परिजनों ने उसे एम्स अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट