रायपुर

फर्जी डिसपैच बिल दिखा रायपुर के शक्कर कारोबारी से 1.87 करोड़ की ठगी
16-Jul-2026 7:04 PM
फर्जी डिसपैच बिल दिखा रायपुर के शक्कर कारोबारी से 1.87 करोड़ की ठगी

पुणे की कंपनी और उसके संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 जुलाई। खमतराई में शक्कर के थोक व्यापारी से 1.87 करोड़ की धोखाधड़ी हो गई। पुणे के कारोबारी ने एडवांस में रकम लेकर मान नहीं भेजा। शिकायत पर पुलिस ने पुणे स्थित नाथबाबा एग्रो ट्रेड हब प्रा. लि. के प्रतिनिधि और संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

 इसकी शिकायत श्रीनगर रोड, महेश कॉलोनी निवासी एवं सिंघल प्रोविजन स्टोर्स के प्रोपराइटर राजेश कुमार अग्रवाल ने की। उसने शिकायत में बताया कि उन्होंने फरवरी 2025 में नाथबाबा एग्रो ट्रेड हब प्रा. लि., पुणे से शक्कर खरीदने का व्यापारिक सौदा किया था।

शुरुआत में 35 टन और फिर 70 टन शक्कर का ऑर्डर दिया गया। जिसकी एडवांस रकम आरटीजीएस के माध्यम से आरोपी को दिया  गया। जिसके बाद पुणे की कम्पनी ने समय पर माल की आपूर्ति कर दी। जिससे राजेश को कंपनी पर उनका विश्वास बढ़ गया।

इसके बाद 17 फरवरी 2025 को 500 टन शक्कर का सौदा तय हुआ। कंपनी के प्रतिनिधि राजीव मोरे ने स्टॉक उपलब्ध होने और माल भेजने का भरोसा दिलाया। 17 से 21 फरवरी 2025 के बीच राजेश ने कंपनी के बैंक खाते में विभिन्न आरटीजीएस के माध्यम से 1,87,48,667 की रकम जमा करा दिए ।

जिसके बाद कंपनी की ओर से जीएसटी टैक्स इनवॉइस और ई-वे बिल भेजकर माल रवाना होने की जानकारी दी गई। लेकिन पूरा भुगतान के बाद भी शक्कर नहीं भेजी गई।

माल में देरी होने पर जांच करने पर पता चला कि जिन वाहनों के नंबर भेजे गए थे, उनमें उसका माल लोड ही नहीं हुआ था। केवल कागजी दस्तावेज तैयार कर रकम लिए गए थे।

राजेश अग्रवाल बार-बार संपर्क करने पर राजीव मोरे, संचालक रफीक बाबा शेख, मिनोज बाबा शेख और गजाला शेख टालमटोल करते रहे। बाद में कंपनी की ओर से राजीव मोरे को केवल ब्रोकर बताया गया।

आरोपियों ने झूठे आश्वासन, फर्जी डिस्पैच दस्तावेज और भ्रामक जानकारी देकर विश्वास हासिल किया।

खमतराई पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ  धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस बैंक रिकॉर्ड, जीएसटी दस्तावेज, ई-वे बिल, ट्रांसपोर्ट रिकॉर्ड, व्हाट्सएप चैट तथा अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट