रायपुर

ई20 पेट्रोल विवाद : मारुति सुज़ुकी को नई कार देने का आदेश
16-Jul-2026 6:57 PM
ई20 पेट्रोल विवाद : मारुति सुज़ुकी को नई कार देने का आदेश

उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर,15 जुलाई। इथेनॉल मिश्रित ई20 पेट्रोल को लेकर सामने आए एक महत्वपूर्ण मामले में रायपुर जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने मारुति सुज़ुकी इंडिया लिमिटेड को शिकायतकर्ता को 45 दिनों के भीतर उसी मॉडल की नई ई20-फ्यूल पावर्ड कार उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। आदेश का पालन नहीं करने पर कंपनी को वाहन की कीमत सहित कुल 20.50 लाख रुपये लौटाने होंगे। इसके अलावा मानसिक प्रताडऩा के लिए एक लाख रुपये और वाद-व्यय के लिए 10 हजार रुपये देने का भी निर्देश दिया गया है।

यह मामला रायपुर निवासी डॉ. प्रेमराज देब्ता का है, जिन्होंने जून 2024 में मारुति ग्रैंड विटारा स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड जेटा प्लस एसयूवी खरीदी थी। शिकायत के अनुसार वाहन बार-बार खराब होने लगा और कई बार सर्विस सेंटर ले जाना पड़ा। डॉ. देब्ता का दावा है कि सरकारी प्रयोगशाला की जांच में ईंधन में इथेनॉल से संबंधित अवशेष मिले, जिसके बाद भी कंपनी और डीलरशिप ने जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की।

उपभोक्ता आयोग ने अपने आदेश में माना कि शिकायतकर्ता को खरीदा गया वाहन ई20 पेट्रोल के लिए पूरी तरह उपयुक्त होने की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी। आयोग ने कहा कि यदि वाहन की ईंधन अनुकूलता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी उपभोक्ता को नहीं दी जाती और उसी कारण तकनीकी खराबी आती है, तो यह सेवा में कमी की श्रेणी में आता है।

आयोग ने निर्देश दिया कि कंपनी शिकायतकर्ता की पुरानी कार वापस लेकर 45 दिनों के भीतर उसी मॉडल की नई ई20-फ्यूल पावर्ड कार उपलब्ध कराए। यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो कंपनी को वाहन की कीमत 18.29 लाख रुपये, आरटीओ शुल्क 1.86 लाख रुपये और बीमा प्रीमियम 34,644 रुपये, कुल 20,50,494 रुपये लौटाने होंगे।

 कार विक्रेता नेक्सा मैग्नेटो स्काई ऑटोमोबाइल्स ने आयोग के समक्ष दलील दी कि वाहन में खराबी बाहरी कारणों, विशेष रूप से खराब गुणवत्ता वाले पेट्रोल, के कारण हुई। डीलरशिप ने कहा कि स्वतंत्र एसजीएस प्रयोगशाला की जांच में ईंधन की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं पाई गई और ऐसी स्थिति वाहन की वारंटी के दायरे में नहीं आती।

 सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला प्रथम, 81 प्रतिशत से अधिक बुजुर्गों के बने कार्ड

रायपुर, 16 जुलाई। आयुष्मान भारत वय वंदना योजना के तहत 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को सालाना 5 लाख रूपए तक का नि:शुल्क और कैशलेस इलाज मिलता है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए कोई आय सीमा निर्धारित नहीं है। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य सेवा परिदृश्य में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए संचालित केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत वय वंदन योजना के सफल क्रियान्वयन में यह जिला पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर उभरा है।

15 जुलाई 2026 को जारी राज्य स्तरीय समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, जिले ने अपने निर्धारित लक्ष्यों के मुकाबले उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है। यह सफलता जिला प्रशासन की दूरदर्शिता और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के समर्पण को रेखांकित करती है।

81.17 प्रतिशत कवरेज के साथ बना मिसाल

योजना के तहत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को, उनकी आय की परवाह किए बिना, प्रति वर्ष 5 लाख रुपए तक का मुफ्त और कैशलेस इलाज प्रदान किया जाता है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कुल निर्धारित लक्ष्य 27 हजार 514 सदस्यों के मुकाबले रिकॉर्ड 22 हजार 333 बुजुर्गों का सफलतापूर्वक वय वंदना कार्ड बनाया जा चुका है। जिला 81.17 प्रतिशत की अभूतपूर्व कवरेज दर के साथ समूचे छत्तीसगढ़ में पहले पायदान पर काबिज है, जबकि राज्य का औसत कवरेज 64 प्रतिशत है। जिले का यह मॉडल अब राज्य के अन्य जिलों के लिए भी एक रोल मॉडल और प्रेरणा स्रोत बन गया है।

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अमले की सक्रियता

इस गौरवपूर्ण सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि शासन की समस्त जनहितैषी और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के पात्र व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुँचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले की सक्रियता और रणनीतिक योजना को दिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी  ने इस सफलता को टीम भावना का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के जिला समन्वयक रोशन सचदेव, समस्त खंड चिकित्सा अधिकारियों , मैदानी अमले, मितानिनों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने इसके लिए अद्वितीय समर्पण दिखाया है। टीम ने न केवल डेटा एंट्री के स्तर पर काम किया, बल्कि सक्रिय रूप से घर-घर जाकर सर्वे किया, पात्र लाभार्थियों की पहचान की और उन्हें त्वरित रूप से कार्ड उपलब्ध कराए।

इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से स्वास्थ्य विभाग का मनोबल बढ़ा है और जिला प्रशासन ने भविष्य में भी सभी स्वास्थ्य सूचकांकों व योजनाओं में उत्कृष्टता का यही स्तर बनाए रखने का संकल्प दोहराया है।


अन्य पोस्ट