रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ न्यूज डेस्क
रायपुर, 15 जुलाई। अभी सोशल मीडिया पर बस्तर में एक यात्री बस का एक वीडियो आया जिसमें गरीब मुसाफिरों को बस कंडक्टर टिकट लेने के बाद भी बैठने नहीं दे रहा था, और झिडक़ते हुए उतार रहा था। इस वीडियो के आधार पर परिवहन विभाग ने बस और संचालक पर कड़ी कार्रवाई की है।
इस बारे में अतिरिक्त परिवहन आयुक्त डी रविशंकर ने बताया कि वीडियो मिलते ही बस्तर जिले के आरटीओ को इस बस को ब्लैकलिस्ट करने के लिए कहा गया है। इसके लिए कार्रवाई तुरंत चालू की गई है। इस कार्रवाई के बाद न इस गाड़ी को बेचा जा सकेगा, न ही इस पर कोई दूसरा परमिट मिल सकेगा। कानूनी प्रावधान के तहत इस पर अधिकतम जुर्माना भी किया गया है।
डी रविशंकर ने बताया कि वे इस वीडियो के साथ इस मामले को बस्तर एसपी को भी भेज रहे हैं, ताकि पुलिस से संबंधित धाराओं के तहत इस पर जो कार्रवाई बन सकती हो, वह भी की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी आरटीओ को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी बस में किसी मुसाफिर के साथ दुव्र्यवहार की शिकायत मिलने पर तुरंत ही कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।