रायपुर

पीएमजीएसवाई सडक़ों की बदहाली का मामला विधानसभा में गूंजा
15-Jul-2026 6:59 PM
पीएमजीएसवाई सडक़ों की बदहाली का मामला विधानसभा में गूंजा

आठ विधायकों ने सवाल पूछे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 जुलाई। विधानसभा में बुधवार को  पीएमजीएसवाई सडक़ों की बदहाल स्थिति का मुद्दा सदन में उठा। इस विषय पर सत्ता और विपक्ष के आठ सदस्यों ने सवाल पूछे। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि सडक़ों की मरम्मत, और नवीनीकरण के लिए इस साढ़े तीन सौ करोड़ का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि सदस्यों से सुझाव लेकर निर्माण की योजना बनाएंगे।

प्रश्नकाल में भाजपा सदस्य प्रबोध मिंज के प्रश्न के जवाब में  पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र में पीएमजीएसवाई के अंतर्गत कुल 171 सडक़ें निर्मित हैं। जून 2026 तक के आकलन में इनमें से 31 सडक़ें मरम्मत योग्य पाई गई हैं।

मंत्री ने बताया कि इन सडक़ों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य बजट की उपलब्धता तथा प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। हालांकि, कार्य कब तक पूरा होगा, इसकी कोई निश्चित समय-सीमा बताना संभव नहीं है। सडक़ों के निर्माण, वर्तमान स्थिति और उनके संधारण पर किए गए व्यय का विस्तृत ब्यौरा भी सदन के पटल पर रखा गया।

चर्चा के दौरान विभिन्न विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की जर्जर सडक़ों का मुद्दा उठाते हुए नई सडक़ों के निर्माण और मरम्मत की मांग की।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि सडक़ों की स्थिति का आकलन एक विशेषज्ञ संस्था द्वारा एआई आधारित तकनीक से कराया जा रहा है। इस तकनीक के माध्यम से क्षतिग्रस्त सडक़ों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य किया जाएगा।

इस पर स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने कहा कि एक ही प्रश्न पर आठ विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की सडक़ संबंधी समस्याएं और मांगें रखीं, जिनका मंत्री ने जवाब देकर सदन को संतुष्ट किया।


अन्य पोस्ट